रोशनी से नहाए गिरजाघर, क्रिसमस उत्सव में शामिल होंगे राज्यपाल
कैथेड्रल में समेत सभी गिरजाघरों में होगा आयोजन। बाजारों में दिखने लगा क्रिसमस का उल्लास।
लखनऊ, जेएनएन। आपसी एकता और सद्भाव के पर्व क्रिसमस के लिए राजधानी पूरी तरह से तैयार है। बाजार में जहां क्रिसमस ट्री और सेंटा क्लॉज की कैप क्रिसमस पर्व के आने का संदेश दे रही है तो वहीं रोशनी से नहाए गिरजाघर प्रभु यीशु के अवतरण का इंतजार कर रहे हैं। सोमवार को मध्यरात्रि प्रभु का विधि विधान से अवतरण होगा और ईसाई समाज के लोग एक-दूसरे को बधाई देंगे।
रविवार को राजधानी के सभी गिरजाघरों में लाइटिंग के साथ ही झांकियों को बनाने कार्य पूरा हो गया है। मुख्य आयोजन हजरतगंज के कैथेड्रल में होगा। सोमवार को रात्रि 11 बजे प्रभु यीशु का अवतरण समारोह होगा तो रात्रि एक बजे तक चलेगा। आलमबाग के होली रिडीमर चर्च के प्रवक्ता संजय लांजरस ने बताया कि परिसर में दो दिनों तक क्रिसमस मेला लगेगा। प्रभु यीशु का अवतरण देर रात होगा। एसेंबली ऑफ बिलीवर्स चर्च के प्रवक्ता मॉरिस कुमार ने बताया कि इंदिरानगर, हिंदनगर, अलीगंज व बख्शी का तालाब समेत कई स्थानों पर विविध आयोजन होंगे। कैथेड्रल में 26 को होने वाले क्रिसमस उत्सव में राज्यपाल राम नाईक शामिल होंगे। शाम 4:30 से 5:30 बजे तक होने वाले उत्सव में हिंदू, मुस्लिम व सिख समाज के गणमान्य लोग भी शामिल होंगे।
इसलिए मनाते हैं क्रिसमस
मानव धर्म का पाठ पढ़ाने वाले प्रभु यीशु के जन्म के दिन को क्रिसमस के रूप में मनाया जाता है। क्रिसमस के एक दिन पहले मध्यरात्रि के एक घंटे पूर्व प्रभु यीशु का जन्म चरही में हुआ था। कहा जाता है कि 12वीं शताब्दी में प्रभु के जन्म के दौरान जमीन में उल्लास के साथ आसमान में सितारे भी काफी खुश हुए थे। मानवता का संदेश देने वाले प्रभु यीशु के जन्म के उल्लास का सिलसिला क्रिसमस से शुरू होता है और छह जनवरी तक चलता है।
आज यहां होंगे आयोजन
- कैथेड्रल हजरतगंज-रात्रि 10:30 बजे
- होली रिडीमर चर्च-आलमबाग-रात्रि 11 बजे
कल यहां होंगे आयोजन
- एबीसी राजाजीपुरम-सुबह 9 बजे
- सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च लालबाग-सुबह- 9:30 बजे
- सेलमॉन मेथोडिस्ट चर्च एसजीपीजीआइ- सुबह 9:30 बजे
- एबीसी पीजीआइ-सुबह 10 बजे
- एसेंबली ऑफ बिलीवर्स चर्च अलीगंज- सुबह 10 बजे
- इंगलिश मेथोडिस्ट चर्च-सुबह-10 बजे
- एपीफेनी चर्च जयभारत लालबाग-सुबह आठ बजे
- एबीसी सुजानपुरा आलमबाग- सुबह 10:30 बजे
- एबीसी विक्रमादित्य मार्ग-सुबह 10 बजे
- एबीसी गोमतीनगर-सुबह 10 बजे
- लाइफ स्प्रिंग चर्च-एमजी मार्ग-सुबह 9 बजे
- दुआ का घर महानगर-सुबह 10 बजे
- जियॉन चर्च मटियारी चिनहट-सुबह 10 बजे
- मिशनरी चर्च राजाजीपुरम-सुबह 10 बजे