गैंगेस्टर विकास दुबे का बहनोई लखनऊ में गिरफ्तार, सरकारी नंबर वाली एंबेसडर दिलवाने मे की थी मदद
पुलिस ने विकास के भाई दीप प्रकाश के घर से सरकारी नंबर की एंबेसडर कार बरामद की थी। छानबीन में पता चला था कि कार धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज के जरिए हड़पी गई थी। पुलिस के मुताबिक जाली कागजात बनवाने में कृष्ण गोपाल ने दीप प्रकाश की मदद की थी।
लखनऊ, जेएनएन। कृष्णानगर पुलिस ने गैंगेस्टर विकास दुबे के बहनोई को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर धोखाधड़ी से एंबेसडर कार हड़पने के मामले में संलिप्तता का आरोप है। एसीपी कृष्णानगर स्वतंत्र कुमार सिंह के मुताबिक उन्नाव के अचलगंज करौदी निवासी कृष्ण गोपाल दीक्षित को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। आरोपित को पुलिस ने रविवार रात में पकड़ा था।
पुलिस ने विकास के भाई दीप प्रकाश के घर से सरकारी नंबर की एंबेसडर कार बरामद की थी। छानबीन में पता चला था कि कार धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज के जरिए हड़पी गई थी। पुलिस के मुताबिक जाली कागजात बनवाने में कृष्ण गोपाल ने दीप प्रकाश की मदद की थी। विवेचना में इसकी पुष्टि होने के बाद आरोपित का नाम मुकदमे में बढ़ाया गया और उसे दबोच लिया गया।
गौरतलब है कि कानपुर के बिकरू में दबिश पर गई पुलिस पर विकास दुबे ने साथियों के साथ हमला बोल दिया था, जिसमें डिप्टी एसपी समेत सात पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। विकास को उज्जैन से पकड़ा गया था। कानुपर में एसटीएफ से मुठभेड़ के दौरान विकास की मौत हो गई थी। कृष्णानगर पुलिस ने दीप प्रकाश के खिलाफ जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज कर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। दीप प्रकाश ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।