Gangster Vikas Dubey Case Update : कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा विकास दुबे का भाई दीप पुलिस को देखकर भागा
Gangster Vikas Dubey Case Update विकास दुबे के भाई दीप पर घोषित है 20 हजार का इनाम लखनऊ में दर्ज हैं दो मुकदमे। 18 दिसंबर को हुई थी आरोपित के मकान की कुर्की दबाव बढ़ा तो कोर्ट में डाली आत्मसमर्पण की अर्जी।
लखनऊ, जेएनएन। Gangster Vikas Dubey Case Update : गैंगस्टर विकास दुबे का भाई दीप प्रकाश उर्फ दीपक शनिवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण करने पहुंचा। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखकर आरोपित वहां से भाग निकला। इस दौरान पुलिस कोर्ट परिसर में मौजूद थी। पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर के मुताबिक, आरोपित के मकान की बीते शुक्रवार को कुर्की की गई थी। दबाव पड़ने पर आरोपित ने कोर्ट में आत्मसमर्पण की अर्जी डाली थी।
सूत्रों का कहना है कि दीप प्रकाश कोर्ट परिसर में पहुंचा था। आत्मसमर्पण से पूर्व आरोपित से कोई टेस्ट की रिपोर्ट मांगी गई। इस पर वह जांच कराने की बात कहकर वहां से निकल गया। इस बीच पुलिस भी सक्रिय हो गई और आरोपित की खोजबीन करने लगी, लेकिन दीप प्रकाश वापस नहीं लौटा। आरोपित ने कोर्ट में आत्मसमर्पण करने के लिए अर्जी दी है। 21 दिसंबर तक आरोपित को आत्मसमर्पण करना है। पुलिस को इस बात की जानकारी थी, जिसके बाद कोर्ट परिसर के आसपास पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
गौरतलब है कि दीप प्रकाश के खिलाफ कृष्णा नगर कोतवाली में विभिन्न धाराओं में दो एफआइआर दर्ज है। दीप प्रकाश बिकरू कांड के बाद से फरार चल रहा है। आरोपित के खिलाफ पुलिस ने गैर जमानती वारंट लिया था। यही नहीं कुछ दिन पहले दीप प्रकाश के घर पर नोटिस भी चस्पा की गई थी। आरोपित के हाजिर नहीं होने पर बीती 18 दिसंबर को कृष्णानगर पुलिस ने उसके घर की कुर्की की कार्रवाई की थी। पुलिस की कई टीमें आरोपित की तलाश कर रही हैं।