सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ो की ठगी करने वाला जालसाज गिरफ्तार, खुद को बताता था सपा सरकार में मंत्री
लखनऊ में परिवर्तन चौक चौराहे के पास से पुलिस ने पकड़ा जालसाज को कार से 22 कारतूस बरामद। जालसाज का साथी भी पकड़ा गया। जालसाज पर दर्ज हैं हजरतगंज समेत शहर के विभिन्न थानों में करीब 20 मुकदमें।
लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार में खुद को मंत्री बनाकर लोगों को सरकारी नौकरी और ठेका दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले जालसाज को सोमवार को दबोचा गया। जालसाज अभिषेक निगम और उसके साथी हसीब अहमद को हजरतगंज पुलिस ने परिर्वतन चौक चौराहे से पकड़ा। पुलिस ने उसकी कार से 22 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया। लग्जरी गाड़ियों का रखता था काफिला...
इंस्पेक्टर श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि सभी कारतूस .32 बोर के हैं। कारतूस का लाइसेंस अभिषेक निगम के पिता अजय के नाम से हैं। इनके पास से एक असलहा भी बरामद हुआ है। अभिषेक निगम टिकैतराय तालाब का रहने वाला है। उसके खिलाफ हजरतगंज समेत शहर के विभिन्न थानों में करीब 20 मुकदमें हैं। जालसाज अभिषेक अपने साथ लग्जरी गाड़ियों का काफिला रखता था। कई गाड़ियों का चालान भी हो चुका है। एक महीना पहले ही वह जमानत पर रिहा हुआ था। इंस्पेक्टर ने बताया कि अभिषेक और उसके साथी हसीब के खिलाफ तीन मुकदमें दर्ज किए गए हैं।