फिल्म 'दुर्गामती' में सुनाई देगी मालिनी अवस्थी की आवाज,बिन रांझे की हीर हुई मैं... गाना रिलीज
एक बेहतरीन फोक फ्यूजन म्यूजिक के साथ लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी का गाना बिन रांझे की हीर हुई मैं...हाल ही में रिलीज हुआ। ये गाना 11 दिसंबर को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हो रही फिल्म दुर्गामती में शामिल है। फिल्म में भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिका में हैं।
लखनऊ, जेएनएन। एक बेहतरीन फोक फ्यूजन म्यूजिक के साथ लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी का गाना बिन रांझे की हीर हुई मैं...हाल ही में रिलीज हुआ। ये गाना 11 दिसंबर को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हो रही फिल्म दुर्गामती में शामिल है। फिल्म में भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में ये गाना भूमि के किरदार चंचल और उसके प्रेमी रोहन के बीच की प्रेम कहानी में आए मतभेद को दिखाता है। रिलीज के बाद से ही ये गाना खूब पसंद किया जा रहा। इस गाने को मालिनी अवस्थी ने गाया है। वहीं, इसका संगीत लखनऊ के ही दो युवाओं नमन अधिकारी और अभिनव शर्मा ने दिया है। गाने के बाेल दीप्ति मिश्रा ने लिखे हैं। गोमती नगर निवासी अभिनव और इंदिरा नगर के रहने वाले नमन ने संगीत शिक्षा चेन्नई में एआर रहमान की संगीत अकादमी से हासिल की।
अभिनव और नमन ने मालिनी अवस्थी के मार्गदर्शन में पहले भी काम किया है। अभिनव बताते हैं, हम लोगों ने मिलकर एक फ्यूजन करने का निर्णय लिया। हमने गाने के संगीत में भारतीय शास्त्रीय वाद्ययंत्रों का प्रयोग किया, वहीं बीट्स वेस्टर्न रखी। राग बेस फोक-फ्यूजन म्यूजिक की हर कोई तारीफ कर रहा। लिरिक्स दीप्ति मिश्रा के हैं, वह मुंबई में रहती हैं। म्यूजिक प्रोग्रामिंग ऋषित चौहान का है। अभिनेता अक्षय कुमार ने इस गाने का चयन फिल्म दुर्गामती के लिए किया। दुर्गामती अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस की फिल्म है। इससे पहले फिल्म का पहला गाना बरस-बरस रिलीज किया गया था।
लखनऊ में कंपोजिंग, मध्य प्रदेश में शूटिंग
इस गाने पर पिछले साल सितंबर में काम करना शुरू किया गया था। मालिनी अवस्थी ने इस गाने को अपनी आवाज देने के साथ ही दोनों युवा संगीतकारों अभिनव और नमन के साथ मिलकर इसका संगीत भी कंपोज किया है। गाने की शूटिंग मध्य प्रदेश में हुई। मालिनी अवस्थी ने लॉकडाउन के बाद से अब तक सात स्वतंत्र गीत प्रस्तुत किए हैं।