आगरा में सवारियों से भरी बस धूं- धूं जली, मथुरा में वॉल्वो नहर में घुसी, 90 यात्री बाल-बाल बचे
चलती बस के डिवाइडर से टकराने पर भीषण आग लग गई। बस में सवार 50 यात्री अंदर ही फंस गए। किसी तरह उन्होंने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
लखनऊ [जेएनएन]। लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार को चलती बस के डिवाइडर से टकराने पर भीषण आग लग गई। बस में सवार 50 यात्री अंदर ही फंस गए। किसी तरह उन्होंने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना पर करीब आधे घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग को काबू में करने का प्रयास किया गया। घटना में करीब आधा दर्जन यात्री चोटिल हुए।
बालाजी दर्शन करने जा रहे थे यात्री
दरअसल, लखनऊ से 50 यात्रियों का दल बालाजी दर्शन के लिए निकला था। सुबह 6:30 बजे फतेहाबाद क्षेत्र में माइलस्टोन-29 पर चालक की आंख लग गई। जिसके चलते बस डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में बस के आगे के पहिये अलग होकर निकल गए। देखते ही देखते बस में आग लग गई। वहीं, केबिन से धुंआ उठता देखकर चालक को आग लगने की जानकारी हुई। उस ने शोर मचाया इसके बाद यात्री जान बचाकर नीचे भागे। बस में भगदड़ मच गई। सूचना पर करीब आधे घंटे बाद दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। हादसे में चोटिल हुए करीब आधा दर्जन यात्रियों को दूसरी गाड़ी से आगरा भेज दिया गया।
लखनऊ से दिल्ली जा रही वोल्बो बस नहर में घुसी, 40 यात्री घायल
लखनऊ से दिल्ली जा रही एक्सप्रेस वे पर वोल्बो बस का थाना यमुनापार क्षेत्र में टायर फट गया। टायर फटने से हुई अनियंत्रित बस माइल स्टोन 108 की अंडरपास पुलिया पर लटक गई। बस के गिरने से यात्री घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
बुधवार की सुबह लखनऊ से दिल्ली जा रही वोल्बो बस में 40 यात्री सवार थे। सुबह छह बजे के करीब थाना यमुनापार क्षेत्र में माइल स्टोन 108 के निकट टायर फटने से बस अनियंत्रित हो गई। बस डिवाइडर से टकराती हुई अंडर पास की पुलिया पर लटक गई। किसी तरह बस को नीचे उतारा गया। घटना की सूचना से पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बस को एक्सप्रेस वे पर लटका देख चीख-पुकार मच गई। बस चालक देवेंद्र निवासी गोविंदपुरी कालका दिल्ली सहित यात्री घायल हो गए। एक दर्जन यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया गया और चालक को एक निजी हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया है।