लखनऊ के आशियाना थाने से भागे गांजा तस्करी में गिरफ्तार अपराधी का सुराग नहीं, दारोगा पर मुकदमा
लखनऊ आशियाना थाने दारोगा के फर्द लिखने के दौरान गांजा तस्करी के मामले में पकड़े गए अपराधी के भागने का मामला। बातों में उलझाया और लघुशंका के बहाने से आरोपित फरार। पुलिस ने बदमाश की तलाश में पूरे इलाके में ताबड़तोड़ दी दबिश।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी के आशियाना थाने से गुरुवार को भागे अपराधी राहुल का अबतक पुलिस सुराग नहीं लगा सकी है। आलाधिकारियों के निर्देश पर घटना के समय थाने में मौजूद दारोगा मनजीत सिंह पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, पुलिस भागे हुए गांजा तस्कर का झोपड़पट्टी समेत पूर्व में जेल गए तस्करों से सुराग लगा रही है।
दरअसल, आशियाना थाने के दारोगा मनजीत सिंह ने गुरुवार को गांजा तस्करी के मामले में पकड़े गए राहुल पुत्र महाराज को लॉकअप से निकाल कर उससे पूछताछ कर रिपोर्ट लिख रहे थे। इस बीच शातिर राहुल ने दारोगा को बातों में उलझाया और लघुशंका के बहाने भाग निकला था। घटना की जानकारी पर थाने परिसर में तैनात सभी पुलिस कर्मियों के हाथ पांव फूल गए थे। पुलिस ने बदमाश की तलाश में पूरे इलाके में ताबड़तोड़ दबिश देनी शुरू की।
वायरल हुई खबर तो आलाधिकारियों को दी सूचना, फटकार के बाद दारोगा पर मुकदमा
सघन चेकिंग अभियान चलाया, पर उसका कुछ पता न चल सका। देर शाम तक मामला दबाए रखा और अपराधी के पकड़े जाने का इंस्पेक्टर केके तिवारी से लेकर सभी पुलिस कर्मी इंतजार करते रहें। रात जब सोशल मीडिया पर इसकी खबर चली तो इंस्पेक्टर ने आलाधिकारियों को घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने जमकर इंस्पेक्टर और दारोगा को फटकार लगाई। इसके बाद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गईं। जानकारी के अनुसार पुलिस राहुल तड़के स्मैक की पुड़िया बेच रहा था। तभी दारोगा मनजीत सिंह ने उसे पकड़ा था। पकड़ने के बाद उसे लॉकअप में डाल दिया था। राहुल मूल रूप से रामनगर अलीगंज एटा का रहने वाला है। आशियाना पुलिस ने वहां की पुलिस से भी संपर्क किया पर, अबतक कुछ पता न चल सका। देर रात अधिकारियों के निर्देश पर दारोगा मनजीत सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।