सार्वजनिक स्थान पर थूकने वाले सात हजार से अधिक लोगों का चालान
आइजी रेंज लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर सभी जिलों में एक जून से चलाया गया था अभियान। मास्क नहीं पहनने पर 57500 लोगों के चालान काटे गए। वसूले लाखों रुपये शमन शुल्क।
लखनऊ, जेएनएन। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए आइजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने सभी जिलों में एक जून से अभियान चलाकर सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए थे। 25 जून तक पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर थूकने वाले 7369 लोगों के चालान किए। यही नहीं बिना मास्क पहने घूम रहे 57500 लोगों के चालान भी किए गए। आइजी रेंज लक्ष्मी सिंह के मुताबिक, इस दौरान कुल 65 लाख रुपये शमन शुल्क वसूले गए हैं।
बाइकर्स गैंग पर नकेल लगाने के लिए 2951 वाहनों के चालान किए गए और 113 वाहन सीज हुए। इस दौरान 26 इनामी अपराधी भी पकड़े गए। वहीं 203 अवैध शस्त्र बरामद किए गए। आइजी रेंज ने डायल 112 के रिस्पांस टाइम की भी समीक्षा की। इस दौरान रायबरेली का रिस्पांस टाइम सबसे अच्छा रहा। इसपर जिले के प्रभारी निरीक्षक अमरनाथ यादव को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा अच्छा काम करने वाले सिपाहियों को भी सम्मानित किया गया।
वाहन चालान को लेकर बार एसोसिएशन ने मुख्य न्यायाधीश को लिखा पत्र
सेंट्रल बार एसोसिएशन के महासचिव संजीव पांडे ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखा है। इसमें मांग की है कि पुलिस द्वारा वाहन अधिनियम के अंतर्गत किए गए चालानों को स्वयं निरस्त करने और शेष चालान को अदालत भेजने की मंशा के पीछे भ्रष्टाचार की आशंका है। इसलिए इसको लेकर उचित निर्देश जारी किए जाएं। सेंट्रल बार एसोसिएशन की ओर से मांग की गई है कि चालान निस्तारण और न्यायालय क्षेत्राधिकार के संबंध में उचित दिशा निर्देश जारी करने किए जाएं।