आतंकी रिजवान के परिवार ने भी उससे मुंह मोड़ा
कुशीनगर से गिरफ्तार वहीं के निवासी आईएसआईएस के आतंकी रिजवान के परिवार के लोगों ने भी उससे मुंह मोड़ दिया है। परिवार के लोग उसको गोली मारने की मांग कर रहे हैं।
लखनऊ। कुशीनगर से गिरफ्तार वहीं के निवासी आईएसआईएस के आतंकी रिजवान के परिवार के लोगों ने भी उससे मुंह मोड़ दिया है। परिवार के लोग उसको गोली मारने की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीण इस जानकारी के बाद सकते में हैं और रिजवान के घर जुटे सैकड़ों ग्रामीण तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा ने बताया कि रिजवान को आईबी और एटीएस की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर गिरफ्तार किया है। इसके खिलाफ मुम्बई एटीएस ने एक मुकदमा दर्ज किया था उसी में गिरफ्तारी हुई है।
कुशीनगर जनपद के कसया इलाके से गिरफ्तार रिजवान का पैतृक गांव सिसवा मठिया में है। उसके साथ क्रिकेट खेलने वाले दोस्तों से लेकर गांव के लोगों ने इस तरह की खबर सुनकर एक तरफ मायूसी है तो वहीं अपने गांव के लड़के की देश विरोधी गतिविधि में शामिल होने पर हैरानी भी है। परिवार के लोगों ने खुद ही कहा कि अगर वह देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हो तो उसे फांसी की सजा दे दी जाए या गोली मार दी जाए।
गिरफ्तार आतंकी रिजवान के पिता सरकारी नौकरी में हैं और उसके दो रिश्तेदार सेना में हैं, रिजवान बुद्ध इंटर कालेज कुशीनगर में 12वीं का छात्र था। मूलत: कसया के सिसवा मठिया गांव का निवासी रिजवान सबया में अपने नये मकान पर रहता था। उसके चाचा नसुरुद्दीन ने बताया कि उसके पिता ने इसकी गतिविधियों को देखकर उसे कई बार समझाया लेकिन वो नहीं माना।
वहीं इस सारे मामले में पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा ने बताया कि ऐसे लोगों पर शक नहीं किया जा सकता है। गिरफ्तार रिजवान कक्षा इंटर का छात्र है। आईबी, एनआईए और एटीएस की टीम उससे गहन पूछताछ करेगी। इसके घर से कुछ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिले हैं उसकी भी जांच कराई जायेगी। फिलहाल आतंकी रिजवान को एटीएस दो दिनों के ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र ले गई है।