10वीं और 12वीं के कई विषयों का फंसा मूल्यांकन, केंद्रों पर कॉपियां डंप-नहीं खुले बंडल
यूपी बोर्ड के कई विषयों का मूल्यांकन फंसा। ट्रेड समेत आधा दर्जन से अधिक विषयों के लिए नहीं मिल रहे शिक्षक।
लखनऊ, [संदीप पांडेय]। यूपी बोर्ड के कई विषयों का मूल्यांकन फंस गया है। कारण, परिषद की ड्यूटी लिस्ट से परीक्षकों का गायब होना है। वहीं, मूल्यांकन प्रभारियों को राजधानी में शिक्षक ढूढ़े नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में सैकड़ों उत्तर-पुस्तिकाएं डंप हैं।
राजधानी के चार केंद्रों पर बोर्ड परीक्षाओं का मूल्यांकन हो रहा है। तय समय के दो दिन बाद शुरू हुआ कॉपी जांचने का कार्य अभी भी बेपटरी है। स्थिति यह है कि बोर्ड ने हजारों शिक्षकों की ड्यूटी लिस्ट जारी कर पल्ला झाड़ लिया। वहीं, केंद्रों पर अभी भी सैकड़ों परीक्षक नहीं पहुंचे हैं। यही नहीं, आधा दर्जन से अधिक ऐसे विषयों की कॉपियां भेज दीं हैं, जिनके शिक्षकों की ड्यूटी ही नहीं लगी है। ऐसे में परेशान केंद्र प्रभारियों ने वेटिंग लिस्ट खंगाली, मगर विषय विशेषज्ञ नहीं मिले।
इसके बाद राजधानी के विद्यालयों में भी संपर्क किया, लेकिन सिंधी, मुद्रण, डेरी, रेशम उद्योग, सीड टेक्नोलॉजी, लॉड्री, टेक्सटाइल समेत तमाम व्यवसायिक व भाषाई विषयों की कॉपियां डंप हैं। 10 मार्च से शुरू हुआ मूल्यांकन के बावजूद अभी तक हुसैनाबाद राजकीय इंटर कॉलेज, जुबली राजकीय इंटर कॉलेज में इन कॉपियों के बंडल नहीं खुले हैं।
गायब डीएचई किए गए अबसेंट
बोर्ड ने एक डीएचई के तहत 10 परीक्षकों की ड्यूटी लगाने का निर्देश दिया है। वहीं मूल्यांकन केंद्रों पर कई डिप्टी हेड एग्जामिनर (डीएचई) अभी नहीं पहुंचे हैं। ऐसे में गुरुवार को गैर हाजिर डीएचई की ऑनलाइन रिपोर्ट बोर्ड को भेज दी गई। उधर, टोली के परीक्षक को डीएचई का पद देकर मूल्यांकन शुरू कराया गया।
मूल्यांकन केंद्रों का हाल
निशातगंज जीआइसी
- परीक्षक ड्यूटी : 1165
- परीक्षक उपस्थिति : 545
- डीएचई ड्यूटी : 118
- डीएचई उपस्थिति : 72
- आवंटित कॉपी : 2,93,180
- कॉपी जांची : 84,100
राजकीय जुबली
- परीक्षक ड्यूटी : 606
- परीक्षक उपस्थिति : 364
- डीएचई ड्यूटी : 65
- उपस्थिति : 30 आए,24 बनाए
- आवंटित कॉपी : 2,00,214
- कॉपी जांची : 50,000
हुसैनाबाद जीआइसी
- परीक्षक ड्यूटी : 549
- परीक्षक उपस्थिति : 145
- डीएचई ड्यूटी : 60
- उपस्थिति : 52 आए, दो बनाए
- आवंटित कॉपी : 1,45000
- कॉपी जांची : 41,333
अमीनाबाद इंटर कॉलेज
- परीक्षक ड्यूटी : 1,111
- परीक्षक उपस्थिति : 639
- डीएचई ड्यूटी : 112
- डीएचई उपस्थिति : 639
- आवंटित कॉपी : 2,62,863
- कॉपी जांची : 70,784
क्या कहते हैं अफसर ?
प्रधानाचार्य जीआइसी हुसैनाबाद सत्यदेव यादव का कहना है कि ट्रेड समेत कई विषयों के विषय विशेषज्ञ की ड्यूटी नहीं लगाई गई है। ऐसे में परीक्षकों का अभाव है। इनकी कॉपी अभी जांची नहीं जा सकीं।