Engineer Rajat Bajpai Murder case: हत्यारोपित ने नंगा कर जान से मारने की दी थी धमकी, वैसे ही दिया अंजाम
वृंदावन कॉलोनी में इंजीनियर रजत बाजपेई की हत्या का मामला दो हफ्ते बाद भी गिरफ्तारी नहीं। पीड़ित परिवार ने पुलिस को सौंपा ऑडियो क्लिप दबाव में पुलिस ने साधी चुप्पी। रजत बाजपेई की माँ अलका का आरोप है कि आरोपित तुषार विमल ने बेटे से कुछ रुपये उधार लिए थे।
लखनऊ, जेएनएन। वृंदावन कॉलोनी में रजत बाजपेई की हत्या के मामले में चौंकाने वाली बात सामने आई है। पीड़ित परिवार को रजत और हत्यारोपितों के बीच हुई आपसी बातचीत का एक ऑडियो क्लिप मिला है, जिसमें आरोपित उसे नंगा कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को ऑडियो क्लिप सौंपा है। बावजूद इसके पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। रजत के घरवालों का कहना है कि हत्यारोपित ने जिस ढंग से हत्या करने की धमकी दी थी, उसी तरह से ही वारदात को अंजाम दिया, लेकिन पुलिस दबाव में चुप्पी साधे हुए है।
रजत बाजपेई की माँ अलका का आरोप है कि आरोपित तुषार विमल ने उनके बेटे से कुछ रुपये उधार लिए थे। रजत ने जब रुपये वापस मांगे तो तुषार ने उसे थप्पड़ मार दिया था। हालांकि तब भी रजत ने कोई विरोध नहीं किया था और घर लौट आया था। इसके बाद अर्पित ने रजत को फोन कर तुषार विमल को कांफ्रेंस कॉल पर लिया था। इस दौरान तुषार ने रजत को न केवल गालियां दी थी, बल्कि घर से बाहर निकलने पर नंगा कर जान से मारने की धमकी भी दी थी। आरोप है कि साजिश के तहत ही अर्पित घर से रजत को बुलाकर ले गया था। इसके बाद देर रात में अर्पित व तुषार ने मिलकर रजत की हत्या कर दी थी। इसके लिए दोनों ने पहले उसके कपड़े उतारे थे। किसी को शक न हो इसके लिए मोबाइल फोन को तालाब के किनारे चाहरदीवारी पर और कपड़े अलग अलग पर रखे थे। खास बात यह है कि तालाब के सबसे करीब रजत की चप्पलें पड़ी थी। आशंका जताई जा रही है कि रजत को आरोपितों ने पहले कोई नशीला पदार्थ दिया था, उसके बाद उसके कपड़े उतारकर उसे तालाब में फेंक दिया था ताकि कोई उनपर संदेह न करे।
पुलिस नजरअंदाज कर रही साक्ष्य
अलका का आरोप है कि हत्यारोपित अर्पित के दादा इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। स्थानीय पुलिस दबाव में है और साक्ष्यों को नजरअंदाज कर रही है। यही वजह है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रजत के सिर पर मिले चोट के निशान को भी पुलिस हादसा बताने की कोशिश कर रही है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को नौ मिनट 54 सेकंड की ऑडियो क्लिप सौंपी है, जिसमें तुषार लगातार रजत को गालियां दे रहा है।
एफएसएल की रिपोर्ट का इंतजार किया रहा है। ऑडियो क्लिप को सुना गया है। घटना स्थल के रिक्रिएशन के लिए भी पत्र लिखा है। पूरे प्रकरण की गहनता से छानबीन की जा रही है। दोनों आरोपितों से दोबारा पूछताछ की जाएगी। जल्द ही वारदात का राजफाश किया जाएगा। -डॉ बीनू सिंह, एसीपी कैंट