लोहिया संस्थान में इमरजेंसी में ऑपरेशन शुरू, प्राइवेट रूम की संख्या भी बढ़ी Lucknow news
हॉस्पिटल ब्लॉक में 44 के करीब हैं प्राइवेट कक्ष इनमें से 11 कक्ष ही मरीजों को किए जा रहे थे आवंटित।
लखनऊ, जेेेेेेएनएन। लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के हॉस्पिटल ब्लॉक की बंद इमरजेंसी ओटी शुरू कर दी गई है। ऐसे में अब गंभीर मरीजों के ऑपरेशन रात में भी किए जा सकेंगे। साथ ही कई प्राइवेट कक्षों की भी मरम्मत कराकर सही कर दिया गया है। अब इन्हें मरीजों को आवंटित करने की अनुमति दे दी गई है।
संस्थान के निदेशक डॉ. एके त्रिपाठी के मुताबिक हॉस्पिटल ब्लॉक की मुख्य इमरजेंसी में ओटी बंद थी। मरम्मत के अभाव में तीन माह से उसमें प्रोसीजर नहीं हो रहे थे। ऐसे में ओटी का मरम्मतीकरण करा दिया गया है। अब मरीजों की इमरजेंसी में जनरल सर्जरी हो सकेंगी।
प्राइवेट कक्षों के लिए नहीं होगा भटकना
निदेशक डॉ. एके त्रिपाठी के मुताबिक हॉस्पिटल ब्लॉक में 44 के करीब प्राइवेट कक्ष हैं। इनमें से 11 ही मरीजों को आवंटित किए जा रहे थे। शेष में मरम्मत होनी थी। ऐसे में 10 कक्षों का मरम्मतीकरण करा दिया गया है और इन्हें मरीजों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दे दिए गए हैं। इसके अलावा इमरजेंसी में मरीजों का वेटिंग एरिया भी बेहतर बनेगा। पानी की व्यवस्था भी दुरुस्त होगी।