बहराइच में आग में जलकर बुजुर्ग दंपति की मौत, सोते समय हुई घटना
बहराइच के देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत पंडितपुरवा के यादव पुरवा में गुरुवार देर रात आग की घटना में बुजुर्ग दंपति की झुलसकर मौत हो गई। सूचना दमकल विभाग को दी गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
बहराइच, जेएनएन। देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत पंडितपुरवा के यादव पुरवा में गुरुवार देर रात आग की घटना में बुजुर्ग दंपति की झुलसकर मौत हो गई। सूचना दमकल विभाग को दी गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना से परिवारजन ही नहीं पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है।
यादव पुरवा निवासी 65 वर्षीय हनुमान मौर्य अपनी पत्नी 68 वर्षीय रामरती के साथ रात दस बजे खाना खाकर सोने के लिए चले गए। उन्होंने बताया कि सोने के पहले मच्छर भगाने के लिए पुआल जलाकर धुंआ सुलगाया। देर रात पुआल से उठी चिंगारी से आग लग गई। देखते ही देखते आग बढ़ती चली गई। देहात कोतवाल पीपी सिंह ने बताया कि आग की लपटों में सो रहे दपंति फंस गए। परिवारजन जब तक उन्हें बचाने का प्रयास करते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते बुजुर्ग दंपति की झुलसकर मौत हो गई।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कोतवाल ने बताया कि घटना की जानकारी मृतक के नाती शुभम ने पुलिस को दी। जानकारी पाकर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अग्निकांड में तकरीबन पांच लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है।इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।