Eid ul Fitr 2021: लखनऊ में शारीरिक दूरी के साथ पढ़ी गई ईद की नमाज, फोन पर दी मुबारकबाद
Eid ul Fitr 2021 ऐशबाग ईदगाह में मौलाना फरंगी महली ने पांच लोगों को ईद की नमाज अदा कराई। इस दौरान मौसम भी खुशनुमा रहा। हल्की बारिश होती रही। कोरोना संक्रमण के कारण धर्म गुरुओं ने लोगों से घरों में ही नमाज पढ़ने की अपील की थी।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में शुक्रवार को शरीरिक दूरी के साथ ईद मनाई गई। ऐशबाग ईदगाह में मौलाना फरंगी महली ने पांच लोगों को ईद की नमाज अदा कराई। इस दौरान मौसम भी खुशनुमा रहा। हल्की बारिश होती रही। कोरोना संक्रमण के कारण धर्म गुरुओं ने लोगों से घरों में ही नमाज पढ़ने की अपील की थी। शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे जवाद ने ईद पर ऑनलाइन नमाज पढ़ाई। लोगों ने घर से नमाज पढ़ी और फोन पर एकदूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।
ऐशबाग ईदगाह में जहां पैर रखने के लिए जगह नहीं होती थी वहां शुक्रवार को सन्नाटा था। टीले वाली मस्जिद पर भी सन्नाटा देखने को मिला। इमाम मौलाना फजले मन्नान ने चंद लोगों के साथ नमाज अदा की।।धर्म गुरुओं की अपील का लोगों ने पालन किया। लोगों ने अपने अपने घर में ईद की नमाज पढ़ी और अमन, चैन तथा एक दूसरे के स्वस्थ जीवन की कामना की।
कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन न हो, इसके लिए पुलिस व प्रशासन की टीम भी सक्रिय रही। पुराने लखनऊ में पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मुस्तैद दिखे। इस एक स्थान पर लोगों को भीड़ नहीं लगाने दिया गया। बेवजह घर से निकलने वालों से पूछताछ भी हुई।
ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा की दृष्टि से जिलाधिकारी ने गुरुवार को धारा 144 लागू कर दी थी। इसके साथ ही किसी भी प्रकार के जुलूस, सभा व आयोजन पर बिना अनुमति के प्रतिबंध लगा दिया था। पुलिस ने कोरोना कर्फ्यू का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्ती भी की और उनके चालान काटे।