Coronavirus Lucknow News: कोरोनावायरस का प्रकोप रोक पाने में अफसर नाकाम, लखनऊ के CMO दोबारा बदले
Coronavirus Lucknow News दो माह बाद ही लखनऊ के सीएमओ दोबारा बदले शामली के सीएमओ डॉ. संजय भटनागर को मिली जिम्मेदोंरी। नए सीएमओ ने कहा कोरोना की मौतों में लाएंगे कमी। नव नियुक्त सीएमओ डॉ. संजय भटनागर ने शुक्रवार को कार्यभार ग्रहण करने का दावा किया।
लखनऊ, जेएनएन। Coronavirus Lucknow News: राजधानी लखनऊ में वायरस का प्रकोप थामने में अफसर नाकाम हो रहे हैं। यहां महीनों से वायरस की चेन ब्रेक नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में शासन में काफी नाराजगी है। हर रोज सैकड़ों मरीज कोरोना की गिरफ्त में आ रहे हैं। लिहाजा, दो माह बाद ही लखनऊ के सीएमओ दोबारा बदल दिए गए हैं। अब शामली के सीएमओ को जिम्मेदोंरी सौंपने का फैसला किया गया है।
शहर में जुलाई में वायरस भयावह हुआ। लिहाजा, तत्कालीन सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल को हटा दिया गया। वहीं, 25 जुलाई को बीआरडी अस्पताल के सीएमएस रहे डॉ. आरपी सिंह को सीएमओ बनाया गया। डॉ. आरपी सिंह ने वायरस नियंत्रण का दावा किया। मगर, अगस्त, सितंबर में कोरोना मरीजों के रिकॉर्ड टूटते रहे। वहीं, मौतों का ग्राफ भी बढ़ता गया। ऐसे में 68वें दिन शासन ने लखनऊ का सीएमओ दोबारा बदलने का फैसला किया। अब कोरोना काल में तीसरे सीएमओ डॉ. संजय भटनागर की तैनाती का आदेश जारी किया गया। वह वर्तमान में शामिल में सीएमओ हैं। उधर, कार्यालय में चर्चा है कि डॉ. आरपी सिंह ने शासन से खुद सीएमओ पद पर न रहने का अनुरोध किया था। मगर, इस संबंध में जब उनको कॉल की गई, तो रिसीव नहीं किया।
प्रवक्ता योगेश कुमार ने भी जानकारी से इन्कार किया। डॉ. आरपी सिंह को सिविल अस्पताल में प्लास्टिक सर्जन के तौर पर भेज दिया गया है। उधर, नव नियुक्त सीएमओ डॉ. संजय भटनागर ने शुक्रवार को कार्यभार ग्रहण करने का दावा किया। साथ ही कोरोना मरीजों की मृत्युदर में कमी लाने की बात कही।
नॉन कोविड सेवाओं पर भी रहेगा जोर
डॉ. संजय भटनागर ने कहा कि कांटेक्ट-ट्रेसिंग पर जोर दिया जाएगा। होम आइसोलेशन के मरीजों की मॉनिटरिंग कड़ी की जाएगी। गंभीर मरीज को तत्काल अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा। इससे कोरोना से होने वाली मौतों में कमी आएगी। इसमें चिकित्सा संस्थानों के साथ मशविरा करके नई रणनीति बनाई जाएगी। साथ ही नॉक कोविड सेवाओं के संचालन पर भी फोकस किया जाएगा। इसके अलावा सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशु तोष दुबे को अमेठी का सीएमओ बनाया गया है।