LDA अब नहीं बनाएगा नगर निगम क्षेत्र की सड़कें-नाले, जानिए क्यों
डीएम व एलडीए उपाध्यक्ष अभिषेक प्रकाश ने कहा कि एलडीए उन्हीं कालोनियों में काम करेगा जो अभी तक हैंडओवर नहीं हुई हैं। नगर निगम ही अपनी कालोनियों की देखरेख करे। अब एलडीए वहीं काम कराएगा जिन कालोनियों को नगर निगम को हस्तांतरित नहीं किया गया है।
लखनऊ, जेएनएन। एलडीए ने नगर निगम के क्षेत्र में सड़क व नालों के बनवाने व मरम्मत पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। अभी तक लखनऊ विकास प्राधिकरण, नगर निगम के अंतर्गत आने वाली सड़के व नाले हर साल अवस्थापना निधि के अंतर्गत आने वाले पैसों से बनवाता था। अब डीएम व एलडीए उपाध्यक्ष अभिषेक प्रकाश ने कहा कि एलडीए उन्हीं कालोनियों में काम करेगा, जो अभी तक हैंडओवर नहीं हुई हैं। नगर निगम ही अपनी कालोनियों की देखरेख करे। अब एलडीए वहीं काम कराएगा जिन कालोनियों को नगर निगम को हस्तांतरित नहीं किया गया है।
इनमें गोमती नगर विस्तार के सेक्टर एक, सेक्टर दो, सेक्टर चार व सेक्टर छह है, इसी तरह कानपुर रोड की मानसरोवर योजना और जानकीपुरम में कुछ एरिया जो नगर निगम को हस्तांतरित नहीं हुआ है, यहां बनी सड़के व नाले एलडीए ही बनवाएगा।
डीएम व एलडीए उपाध्यक्ष अभिषेक प्रकाश के इस निर्णय से फिजूल खर्चे पर रोक लगेगी। वही अभियंता स्वयं को एलडीए के मूल कार्यों की ओर लग सकेंगे। अभी तक एलडीए के ऊपर ऐसे कामों का जबरन बोझ था। इसके पीछे दूसरा उद्देश्य बंदरबांट भी थी। मंडलायुक्त के यहां अवस्थापना का पैसा आते ही, कुछ लोग अपने मुहल्लों में सड़के दो से तीन साल में बनवा ले थे। चहेतों को टेंडर देने पर भी रोक लगेगी और एलडीए के कार्यों में पारदर्शिता भी आएगी। डीएम अभिषेक प्रकाश ने बताया कि एलडीए अपना मूल काम ही करेगा। धीरे धीरे इसे पटरी पर लाने का काम किया जा रहा है। वहीं मुख्य अभियंता इन्दु शेखर सिंह ने बताया कि जो टेंडर हुए हैं उन पर तत्काल रोक लगा दी गई है। अब कोई काम उस कालोनी में सड़क से जुड़ा नहीं होगा, जो कालोनी नगर निगम को हस्तांतरित हो चुकी है।
यह कालोनियों हो चुकी है नगर निगम को हस्तांतरित
एलडीए, नगर निगम को कई कालोनी हस्तांतरित कर चुका है। इनमें गोमती नगर का विवेक खंड, विपुल खंड, विनम्र खंड, विनीत खंड, वैभव खंड, विभूति खंड, विकास खंड, विराम खंड, विशाल खंड, विजयंत खंड सहित फेस प्रथम व द्वितीय के सभी खंड हैं। इसी तरह अलीगंज की पूरी कालोनी नगर निगम को दी जा चुकी है। वही आशियाना का अधिकांश हिस्सा, कानपुर रोड पर स्थित मानसरोवर योजना के कई सेक्टर अभी नगर निगम ने नहीं लिए हैं, जिनमें सेक्टर क्यू, पी, ओ हैं।
एलडीए की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाने के निर्देश
डीएम व एलडीए उपाध्यक्ष अभिषेक प्रकाश ने कहा कि दिसंबर में होने वाली बोर्ड बैठक में मुख्य अभियंता व सचिव से प्रस्ताव रखने के निर्देश दिए गए है। इसमें मलेशेमऊ का कमर्शियल हब के साथ ही नई टाउन शिप व अन्य प्रोजेक्ट है। यही नहीं अन्य अनुभाग से भी प्रस्ताव मांगे गए हैं। प्रयास है कि इसी माह प्रस्तावों को फाइनल टच दिया जा सके।