Flood News: बाराबंकी में DM-SP ने देखा बाढ़ इलाके का हाल, 35 हजार आबादी प्रभावित
बाराबंकी में डीएम डॉ.आदर्श सिंह व एसपी डॉ.अरविंद चतुर्वेदी ने बाढ़ इलाके के भ्रमण के दौरान लोगों को मदद का भरोसा दिया।
बाराबंकी, जेएनएन। सरयू नदी की बाढ़ से प्रभावित इलाके का शनिवार को डीएम व एसपी ने भ्रमण किया। राहत एवं बचाव के निर्देश दिए। सरयू नदी का जल स्तर खतरे के निशान 106.070 मीटर से एक मीटर ऊपर 107.156 मीटर तक पहुंच कर स्थिर है। तटवर्ती गांवों में पानी भर गया है। प्रशासन के मुताबिक करीब 65 गांव की करीब 35 हजार आबादी बाढ़ के पानी से प्रभावित है ।
रामनगर तहसील क्षेत्र के तपेसिपाह ,कोरिनपुरवा, मल्लाहन पुरवा, प्रसादी पुरवा, बुधई पुरवा ,दुर्गापुर ,लहाड़रा आदि गांवों के लोग गांव के अंदर पानी के बीच रहने को विवश हैं। पूरेडलई ब्लॉक के इटहुआ पूरब, लोढेमऊ, बराईन, डेरेराजा, कोठरीगौरिया, उमरहरा, अतरसुईया सेमरी, बंसतपुर, पत्रा, सोनबरसा गांव बाढ की चपेट में आ गये हैं। उमरहरा, अतरसुईया सेमरी, बंसतपुर, पत्रा में नदी का जलस्तर बढ़ जाने से गांव चारों तरफ से पानी भर गया है। मुख्य मार्ग भी डूब गया है। सैकड़ों बीघा धान की फसल बर्बाद हो चुकी है। राष्ट्रीय राजमार्ग बाराबंकी-बहराइच से दुर्गापुर गांव को जाने वाले मुख्य मार्ग पर बाढ़ के पानी का बहाव चल रहा है। डीएम डॉ.आदर्श सिंह व एसपी डॉ.अरविंद चतुर्वेदी ने बाढ़ इलाके के भ्रमण के दौरान लोगों को मदद का भरोसा दिया।
दीवार गिरने से महिला की मौत
थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के ग्राम पतौंजा में दीवार गिरने से पति पत्नी घायल। पत्नी की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।