PM Narendra Modi Birthday: लखनऊ में जगह-जगह मनाया जा रहा मोदी का जन्मदिन, दिव्यांगों को बांटे गए उपकरण
PM Narendra Modi Birthday जन्मदिन को लेकर मनाए जा रहे सेवा सप्ताह के दौरान बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने 70 स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया।
लखनऊ, जेएनएन। PM Narendra Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन शहर में जगह-जगह मनाया जा रहा है। गरीबों को फल और मिठाई बांटी जा रही है। महानगर मंदिर मार्ग पर श्याम सत्संग भवन में दिव्यांगों को उपकरण बांटे गए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उपकरण वितरण करने के बाद कहा कि प्रधानमंत्री ने कोविड-19 की आपदा में हर किसी को सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही देशवासियों को आत्मनिर्भर भारत पैकेज दिया। ऐसे महान व्यक्तित्व वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। गरीबों की मदद की जा रही है और सफाई अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कूटनीति के कारण ही पूरे विश्व में भारत का झंडा ऊंचा हुआ है। आज दुनिया का सर्वश्रेष्ठ नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। इस अवसर पर नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन 'गोपाल' अवध क्षेत्र के अध्यक्ष शेष नारायण मिश्र और महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने विचार रखे।
जन्मदिन को लेकर मनाए जा रहे सेवा सप्ताह के दौरान बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने 70 स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया। शहर में जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ता सफाई करते दिखे। इस अभियान में महापौर संयुक्ता भाटिया क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्रा ने मानक नगर रेलवे स्टेशन के आसपास, विधायक डा. नीरज बोरा ने जानकीपुरम इंजीनियरिंग कालेज के आसपास तथा विधायक सुरेश श्रीवास्तव ने पश्चिम विधानसभा क्षेत्र, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष व मंडल प्रभारी डॉ श्वेता सिंह ने सरोजनीनगर, इंदिरानगर में पार्षद दिलीप श्रीवास्तव, नगर निगम के उपसभापति रजनीश गुप्ता ने यहियागंज में टीम के साथ सफाई की।
विधायक डा.नीरज बोरा ने केजीएमयू के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने बताया कि सेवा सप्ताह के दौरान सफाई और रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। उधर, महापौर संयुक्ता भाटिया ने नगर निगम मुख्यालय के सामने झंडी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में कोरोना से सुरक्षा के लिए तीस हजार दवाओं का वितरण किया। यह दवाएं नगर निगम को दी गई हैं। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त डा. अर्चना द्विवेदी भी मौजूद थीं।