खाटू श्याम मन्दिर में मत्था टेकने पहुंचे डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव Lucknow news
डालीगंज माधव मन्दिर में धूमधाम से मनाया गया अन्नकूट महोत्सव। माधव मन्दिर में अन्नकूट महोत्सव पर बटा महाप्रसाद।
लखनऊ, जेएनएन। दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा के साथ ही अन्नकूट पूजा के तहत भगवान गोवर्धन को छप्पन भोग लगाया गया। बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में हुए आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ रही। दीपावली कार्तिक शुक्ल पक्ष प्रतिपदा पर सोमवार को घरों और मंदिरों में गोवर्धन पूजा- अन्नकूट पूजा की धूम रही।
महिलाओं ने संपन्नता और समृद्धि के प्रतीक गोवर्धन की पूजा की तो मंदिरों में अन्नकूट पूजा के बाद जगह-जगह 56 भोग भी लगे। सुबह महिलाओं ने घर के आंगन और मुख्य द्वार पर गोवर्धन बनाकर उसकी पूजा कर सुख, समृद्धि और सौभाग्य की कामना की। शाम को गोवर्धन की 'मंगल मालिका आरती' उतारकर गोवर्धन को घर के मुख्य द्वार पर रख कर दीप जलाया। बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में अन्नकूट महामहोत्सव में दोपहर बाद से देर शाम तक श्री श्याम परिवार की ओर से गोवर्धन पूजा किया।
संगठन मंत्री सुधीश गर्ग ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पत्नी डिंपल यादव के साथ भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना की। उप मुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा ने भी पूजा अर्चना की। श्री खाटू श्याम जी को चावल, पांच प्रकार की सब्जी, खीर, मालपुआ, कढ़ी, बाजरा, लच्छा व मूंग सहित 56 प्रकार के व्यंजनों का महाभोग लगाया गया। सुल्तानपुर रोड स्थित इस्कान मंदिर में अध्यक्ष अपरिमेय श्यामदास की कथा के साथ ही 56 भोग का विशाल पर्वत मनाया गया। गाय के दूध से अभिषेक के साथ ही विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। दोपहर बाद तक लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
घरों के साथ ही मंदिरों में छप्पन भोग के बाद महाप्रसाद बांटा गया। घसियारी मंडी स्थित काली बाड़ी मंदिर में 56 प्रकार के भोग का दृश्य देखते ही बन रहा था। मंदिर के अध्यक्ष गौतम भट्टाचार्य ने बताया कि करीब चार हजार लोगों ने भोग ग्रहण किया। न्यू मॉडल हाउस के काली बाड़ी मंदिर में भक्तों की ओर से मां काली को महाभोग अर्पित किया गया। डालीगंज के माधव मंदिर में सुबह आरती के बाद सब्जी, हलआ, खीर, पकौड़ी, पूरी व फल का भोग चढ़ाया गया।
महाभोग में अनुराग साहू,भारत भूषण गुप्ता, ओमकार जयसवाल व राकेश समेत कई लोग शामिल हुए। सदर के द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में राजेश अग्रवाल के संयोजन में महाभोग लगने के बाद वितरण किया गया। पूजन में कई श्रद्धालु शामिल हुए। रिसालदार पार्क लालकुआं, सदर के कैंटोमेंट, विजय नगर के साथ ही छह फीट की बनी मां काली की प्रतिमा की आरती के बाद मां काली का झूलेलाल घाट पर विसर्जन किया गया। बादशाहनगर, आशियाना, विकास नगर, रवींद्रपल्ली, आलमबाग, इंदिरानगर, राजाजीपुरम, महानगर व फैजाबाद रोड समेत कई स्थानों पर पूजा अर्चना की गई।
56 प्रकार की मौसमी सब्जी प्रसाद का लगा भोग
डालीगंज स्थित श्रीमाधव मन्दिर में अन्नकुट महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया कमेटी अध्यक्ष बिहारी लाल साहू ने बताया कि विगत वर्षों के भाँति इस बार भी अन्नकूट महोत्सव पर 56 प्रकार की मौसमी सब्जियों का भोग, पूड़ी, कढ़ी चावल, हलुआ, खीर का महाभोग लगाकर पुजारी लालता द्वारा मंत्रो उच्चारण संग आरती कर महाप्रसाद भक्तो में वितरित किया।
महामंत्री गोविन्द साहू ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत हरिनाम संकीर्तन के साथ, अन्नकूट महोत्सव पर माया आनंद, कंचन साहू, नीरू, नीलू, रीता साहू, अनुपमा, सुधा, संधिया ने बाल गोपाल पर भजन गाकर पूरा माहौल भक्तिमय कर दिया।