रक्षामंत्री राजनाथ सिंह एक दिवसीय दौरे पर कल लखनऊ में, डिफेंस एक्सपो की तैयारी का लेंगे जायजा Lucknow News
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह नागरिकता संशोधन बिल पर जनजागरण अभियान के तहत संपर्क भी करेंगे।
लखनऊ, जेएनएन। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ के दौरे पर रहेंगे। भाजपा के महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने बताया कि रक्षा मंत्री पांच जनवरी को सुबह 11:35 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वह नागरिकता संशोधन बिल पर जनजागरण अभियान के तहत संपर्क करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 3.25 बजे मुख्यमंत्री आवास पहुंचेंगे। वहां, डिफेंस एक्सपो-2020 की तैयारियों की समीक्षा करेंगे और शाम 6.30 बजे मुख्यमंत्री आवास से एयरपोर्ट जाएंगे। वहां से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक समीक्षा के साथ रिवर फ्रंट पर डिफेंस एक्सपो के लिए बनाए जा रहे आयोजन स्थल का भी मुआयना करेंगे। वृंदावन योजना स्थित डिफेंस एक्सपो स्थल पर भी आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
'भारत : उभरता हुआ रक्षा विनिर्माण केंद्र' की थीम पर होगा डिफेंस एक्सपो इंडिया-2020
लखनऊ में हथियारों का देश का सबसे बड़ा मेला लगने जा रहा है। लखनऊ में 5 से 8 फरवरी के बीच आयोजित होने वाले 11वें डिफेंस एक्सपो इंडिया-2020 की थीम 'भारत : उभरता हुआ रक्षा विनिर्माण केंद्र' रखा गया है। डिफेंस सेक्टर में तेजी से उभरते उत्तर प्रदेश में आयोजित होने जा रहे इस मेले में दुनियाभर के अत्याधुनिक हथियारों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इससे पहले लखनऊ में एयरो इंडिया शो होने वाला था, लेकिन राजनीतिक विरोध के चलते इसे रद कर गया था।