श्रावस्ती में घर के अंदर लटकता मिला महिला का शव, पिता बोला- एक लाख रुपये के लिए मेरी बेटी को मारडाला
श्रावस्ती मटेरा थाना क्षेत्र की युवती का मल्हीपुर थाना क्षेत्र के जाकिर के 11 माह पहले हुआ था निकाह। महिला की मौत के बाद पति फरार। पति सास ससुर व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज।
श्रावस्ती, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में दहेज के लिए पत्नी की हत्या मामला सामने आया है। मृतका का शव गुरुवार की रात घर की बड़ेर (छप्पर की छत के बीच में लकड़ी का फ्रेम) से लटका मिला। मृतका के पिता ने बेटी के पति, सास, ससुर व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पिता बोला- दहेज के लिए मेरी बच्ची को मारडाला...
दरअसल, बहराइच जिले के मटेरा थाना क्षेत्र के धनौली समोखन गांव निवासी गुलफिसा (20) पुत्री हसमत अली का निकाह आठ मार्च 2020 में मल्हीपुर थाना क्षेत्र के रामपुर बस्ती गांव के जाकिर के साथ हुआ था। शुक्रवार सुबह गुलफिसा का शव टीन शेड के सहारे लटका मिला। मृतका के पिता ने ससुरालीजन पर दहेज उत्पीड़न व दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति का जायया लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति, सास, ससुर व ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना की जा रही है। घटना के बाद से दहेज हत्यारोपित फरार हैं। मृतका के पिता ने बताया कि दहेज के तौर पर उसकी बेटी से एक लाख रुपये की मांग की जा रही थी। दहेज की मांग न पूरी होने पर मेरी बच्ची को मार डाला। हत्या कर साक्ष्य को छिपाने के लिए शव को बड़ेर से लटका दिया गया। पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है।