सुलतानपुर में वटवृक्ष से लटकता मिला आठ साल के बच्चे का शव, हत्या की आशंका
सुलतानपुर के गोसाईगंज थानाक्षेत्र के महिलो आशापुर गांव में मंगलवार की सुबह एक किशोर का शव बरगद के पेड़ में निकले तने के सहारे लटकता पाया गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। फिलहाल मामला संदिग्ध बताया जा रहा है।
सुलतानपुर, जेएनएन। गोसाईगंज थानाक्षेत्र के महिलो आशापुर गांव में मंगलवार की सुबह एक किशोर का शव बरगद के पेड़ में निकले तने के सहारे लटकता पाया गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची ने पुलिस हर पहलू पर छानबीन शुरू कर दी। मामला संदिग्ध बताया जा रहा है। गांव निवासी रामसुमिरन का आठ वर्षीय पुत्र श्रेयांस सुबह घर से कुछ दूर स्थित बरगद के पेड़ के पास खेलने गया था।
ग्रामीणों के मुताबिक, वह पेड़ की ऊपरी सतह पर निकली जड़ों के सहारे झूला झूल रहा था। अचानक उसका गला जड़ में कस गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह आठ बजे के करीब खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने शव लटकता देख परिवारजन को सूचित किया। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर थानाध्यक्ष मनबोध तिवारी पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि किशोर का पैर जमीन को छू रहा था, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। परिवारजन की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
रोज खेलते थे सभी, आज गया था अकेलेः प्रतिदिन सुबह गांव के बच्चे बरगद के पेड़ के नीचे खेलने के लिए आते है। मंगलवार को वह अकेले ही खेलने पहुंचा था। हालांकि ये बात पुलिस को भी सही नहीं लग रही। अपने बच्चों को विवाद से बचाने की बात भी सामने आ रही है।
पोस्टमार्टम को तैयार नहीं थे परिजनः घटना के बाद परिजन बिना किसी लिखा पढ़ी के शव का अंतिम संस्कार करना चाह रहे थे। हालांकि, पुलिस के काफी समझाने के बाद परिवारजन पोस्टमार्टम को तैयार हुए।