लखीमपुर खीरी के शिवालयों से केदारनाथ के दर्शन, पीएम मोदी के लाइव प्रसारण को देखने उमड़ी भीड़
शासन के निर्देश पर खीरी के प्रमुख सातों शिव मंदिरों में प्रशासन की देखरेख व जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में भव्य कार्यक्रम हुआ। खीरी के सभी शिव मंदिरों में पीएम मोदी के केदारनाथ कार्यक्रम का एलईडी के जरिए सजीव प्रसारण किया गया।
लखीमपुर, जागरण संवाददाता। शुक्रवार को शासन के निर्देश पर खीरी के प्रमुख 07 शिव मंदिरों में प्रशासन के देखरेख व जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में भव्य कार्यक्रम हुआ। खीरी के सभी 07 शिव मंदिरों ( छोटी काशी गोला , लिलौटी नाथ मंदिर, मेंढक मंदिर, जंगली नाथ मंदिर, अवगढ़नाथ मंदिर, देवकली मंदिर व भुफोरवानाथ शिव मंदिर) में पीएम के केदारनाथक कार्यक्रम का एलईडी के जरिए सजीव प्रसारण हुआ। पूजन अर्चन, भजन-कीर्तन सहित प्रसाद वितरण कार्यक्रम हुआ। छोटी काशी गोला में विधायक अरविंद गिरी ने तहसीलदार विनोद गुप्त, ईओ नगर पालिका पीएन दीक्षित के साथ पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में पीएम के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा। इसके बाद भजन मंडलियों की प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद प्रसाद वितरण कार्यक्रम हुआ। इस दौरान काफी संख्या में संत, श्रद्धालु एवं भक्तगण मौजूद रहे। ओयल में स्थित मेंढक मंदिर में विधायक सदर योगेश वर्मा व अध्यक्ष, नगर पंचायत प्रदीप कुमार गुप्ता ने मिलकर पूजन अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मौजूद लोगों के साथ पीएम के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा, भजन कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया, प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का संपन्न हुआ। इस मौके पर ईओ सात्विक शुक्ला सहित नगर निकाय के अधिकारी कर्मचारी एवं आमजन मौजूद रहे।
मोहम्मदी के जंगलीनाथ मंदिर में अल सुबह विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने एसडीएम पंकज श्रीवास्तव के साथ पूरे विधि विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक व रुद्राभिषेक किया। इसके बाद उन्होंने मौजूद लोगों के साथ पीएम के सजीव कार्यक्रम को देखा। इसके बाद सांस्कृतिक दलों ने भजन कीर्तन प्रस्तुत किए। विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने इस कार्यक्रम की आवश्यकता व प्रासंगिकता पर अपने विचार रखें। इसके बाद प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। उधर, तहसील सदर के ब्लाक फूलबेहड़ में स्थित लिलौटी नाथ मंदिर में विधायक श्रीनगर मंजू त्यागी ने पूरे विधि विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजन अर्चन किया। केदारनाथ के संपूर्ण कार्यक्रम का एलईडी के जरिए सजीव प्रसारण देखा गया।
विधायक ने अपने सारगर्भित विचार व्यक्त किए। उन्होंने मौजूद लोगों को त्योहारों की शुभकामनाएं देकर उनकी सुख समृद्धि की कामना की। तहसील निघासन के अवगढ़नाथ मंदिर में उपाध्यक्ष भाजपा अवध क्षेत्र उप्र कमलेश मिश्र ने एसडीएम श्रद्धा सिंह व बीडीओ राकेश सिंह के साथ पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में केदारनाथ के संपूर्ण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। सांस्कृतिक दलों ने भजन कीर्तन कर सभी को भक्तिमय कर दिया। प्रसाद वितरण व भंडारे के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसी के साथ नगर पालिका परिषद लखीमपुर स्थित भूईफोरवानाथ मंदिर व ब्लाक फूलबेहड़ स्थित देवकली तीर्थ में भी सांस्कृतिक दलों ने भजन कीर्तन गाए, पीएम के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।