Lockdown in Lucknow: कैंट इलाके में शनिवार रात 12 बजे से 48 घंटे कर्फ्यू लागू,सेना अलर्ट
Lockdown in Lucknow तब्लीगी मरकज जमात के 12 जमातियों के कोरोना वायरस पॉजिटिव आने के बाद सेना अलर्ट।
लखनऊ, जेएनएन। Lockdown in Lucknow: छावनी के पचास हजार आबादी वाले सदर के रिहायशी इलाके की अली जान मस्जिद में रह रहे 12 लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अब सेना ने 48 घंटे तक सैन्य इलाके की सभी सीमा को सील करने का निर्णय लिया है। छावनी के सैन्य इलाकों में शनिवार रात से 48 घंटे यानी सोमवार मध्य रात तक का कर्फ्यू रहेगा। मध्य यूपी सब एरिया मुख्यालय ने शनिवार रात 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक कर्फ्यू के साथ संपूर्ण लॉकडाउन का आदेश दिया है।
दरअसल, तब्लीगी मरकज जमात के 12 जमातियों के कोरोना वायरस पॉजिटिव आने के बाद सेना अलर्ट हो गई है। अब तक सेना ने अपने सुलतानपुर और रायबरेली रोड को जुडऩे वाले गेटों को बंद करने का निर्णय लिया था। जबकि इसमें एनसीसी मेस की ओर से आने वाले रास्ते को खोला गया था। एहतियात के तौर पर 48 घंटे का पूरा कर्फ्यू लगाने के आदेश उच्च स्तर से दिए गए हैं। सोमवार रात 12 बजे तक सैन्य इलाकों में केवल सेना की मेडिकल टीम, क्यूआरटी, इमरजेंसी एमईएस सेवा और जरूरी सेवाएं ही दी जाएंगी।