नम आंखों से CRPF के डीआइजी को बेटी ने दी मुखाग्नि, जम्मू में चट्टान गिरने से हुई थी मौत Lucknow News
15 दिसंबर को जम्मू से श्रीनगर लौट रहे उत्तरी कश्मीर में तैनात सीआरपीएफ के डीआइजी ऑपरेशंस शैलेंद्र विक्रम सिंह के वाहन पर भूस्खलन के दौरान चट्टान गिरी थी।
लखनऊ, जेएनएन। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय मार्ग पर भूस्खलन में हुई सीआरपीएफ के डीआइजी की मौत के बाद उनका पार्थिव शरीर राजधानी लखनऊ लाया गया। बुधवार को बैकुंठ धाम पर उन्हें नम आंखों के साथ अंतिम विदाई दी गई। डीआइजी शैलेंद्र की बड़ी बेटी साक्षी ने उनके पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई देने के लिए कानून मंत्री बृजेश पाठक के साथ पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप भी मौजूद रहे।
बता दें, गत रविवार (15 दिसंबर) को जम्मू से श्रीनगर लौट रहे उत्तरी कश्मीर में तैनात सीआरपीएफ के डीआइजी ऑपरेशंस शैलेंद्र विक्रम सिंह के वाहन पर रामबन के आगे डिगडोल के पास भूस्खलन के दौरान चट्टान गिरी थी। इसमें डीआइजी और उनके चालक नवीन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उनका अंगरक्षक सरीर खान गंभीर रूप से घायल हो गया था। डीआइजी शैलेंद्र विक्रम सिंह लखनऊ के रहने वाले थे।
विमान से लखनऊ पहुंचा पार्थिव शरीर
सोमवार देर शाम सीआरपीएफ के डीआइजी ऑपरेशंस शैलेंद्र विक्रम सिंह का पार्थिव शरीर विमान से लखनऊ लाया गया। गोमतीनगर स्थित पार्थिव शरीर उनके आवास पहुंचा। इस दौरान घर के बाहर सन्नाटा पसरा था। घर के भीतर दो तीन लोग मौजूद दिखे। इस बाबत पूछने पर किसी ने भी कोई जानकारी नहीं दी। अब दोनों बेटियों के मंगलवार को लखनऊ आने के बाद बुधवार को अंतिम संस्कार किया जा सकता है।
अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
उधर, जम्मू में सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा जम्मू-कश्मीर पुलिस के महानिदेशक दिलबाग सिंह ने दिवंगत शैलेंद्र सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र भेंट कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सोमवार सुबह जम्मू के बाहरी क्षेत्र चट्ठा स्थित सीआरपीएफ की 161वीं वाहिनी मुख्यालय में हुए समारोह में उन्हें अंतिम विदाई दी गई। शैलेंद्र विक्रम सिंह उत्तरी कश्मीर में आइजी सीआरपीएफ के साथ नियुक्त थे। उनकी मौत के बाद गोमतीनगर स्थित उनके आवास पर सन्नाटा छा गया।