क्रिकेटर आरपी सिंह के पिता का कोरोना से निधन, लखनऊ के मेदांता में कई दिनों से थे वेंटीलेटर पर
वह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। और पिछले हफ्ते वह कोरोना की चपेट में आ गए थे इसके चलते उनका ऑक्सीजन लेवल घट गया था। उन्हें इलाज के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां बुधवार को उनका निधन हो गया।
लखनऊ, जेएनएन। पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर आरपी सिंह के पिता शिवप्रसाद सिंह का बुधवार दोपहर 11: 58 बजे निधन हो गया। उन्होंने मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। और पिछले हफ्ते वह कोरोना की चपेट में आ गए थे, इसके चलते उनका ऑक्सीजन लेवल घट गया था। उन्हें इलाज के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां बुधवार को उनका निधन हो गया। आरपी सिंह के पिता के निधन पर कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों ने शोक व्यक्त किया है।
क्रिकेटर से कॉमेंटेटर बने आरपी सिंह ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया, 'बड़े दुख के साथ यह जानकारी दे रहा हूं कि मेरे पिता श्री शिव प्रसाद सिंह का निधन हो गया है। 12 मई को परलोक सिधार गए। वह कोविड से पीड़ित थे। मैं आपसे प्रार्थना करता हूं कि मेरे पिता को अपने विचारों और प्रार्थनाओं में याद रखें। ॐ नमः शिवाय।'
2018 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास : आरपी सिंह ने साल 2018 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। इसके बाद वह कमेंट्री से जुड़ गए। बताया जा रहा है कि इस बार भी आईपीएल में चैनल्स के लिए वा हिंदी में कमेंट्री करने वाले थे, लेकिन पिता की तबीयत खराब होने के चलते उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था। मेदांता के प्रवक्ता आलोक कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर 11:58 पर आरपी सिंह के पिता शिव प्रसाद सिंह का निधन हुआ है।