COVID-19 Vaccination in UP: 56.8 फीसद स्वास्थ्य कर्मियों ने लगवाया टीका, 22 को फ्रंटलाइन वर्करों को आखिरी मौका
COVID-19 Vaccination in UP 1.50 लाख में से 85 हजार वैक्सीन लगवाने पहुंचे - 22 फरवरी को फ्रंटलाइन वर्करों को आखिरी मौका। तीन और रोगियों की हुई मौत 98.13 फीसद रिकवरी रेट- 2521 एक्टिव केस 15.28 करोड़ लोगों की हुई स्क्रीनिंग।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। COVID-19 Vaccination in UP: यूपी में शुक्रवार को 56.8 प्रतिशत स्वास्थ्य कर्मियों ने कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाई। टीका लगवाने के लिए कुल 1.50 लाख स्वास्थ्य कर्मियों को आमंत्रित किया गया लेकिन 85,439 ही टीका लगवाने पहुंचे। टीकाकरण के लिए उन स्वास्थ्य कर्मियों जिन्हें 22 जनवरी को पहली डोज दी गई थी, उन्हें दूसरी डोज लगवाने और छूटे हुए हेल्थ वर्करों को भी बुलाया गया। दूसरी डोज लगवाने 90 प्रतिशत से अधिक स्वास्थ्य कर्मी पहुंचे। छूटे हुए स्वास्थ्य कर्मियों ने फिर दिलचस्पी नहीं दिखाई। प्रदेश में कुल नौ लाख स्वास्थ्य कर्मी टीकाकरण के लिए पंजीकृत हैं।
प्रदेश में छूटे हुए स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के लिए आमंत्रित किए गए स्वास्थ्य कर्मियों के लिए 1,893 टीकाकरण सत्र चलाए गए। शुक्रवार को जिन स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई अब उन्हें दूसरी डोज 19 मार्च को दी जाएगी। फिलहाल टीका लगवाने वाले किसी भी लाभार्थी को कोई परेशानी नहीं हुई और सभी स्वस्थ हैं। उधर अब 22 फरवरी को छूटे हुए फ्रंटलाइन वर्करों को टीका लगाया जाएगा। यह इनके लिए अंतिम मौका होगा। महानिदेशक परिवार कल्याण डॉ. राकेश दुबे के मुताबिक ऐसे फ्रंटलाइन वर्कर जो टीका लगवाने के लिए पंजीकृत हैं और अभी तक किन्हीं कारणों से टीका नहीं लगवा पाए हैं, वह अब पंजीकृत मोबाइल नंबर पर मैसेज का इंतजार किए बिना सीधे टीकाकरण केंद्र पहुंचे। यहां पंजीकृत लाभार्थी के रूप में दर्ज इन फ्रंटलाइन वर्करों को टीका लगाया जाएगा।
यूपी में कोरोना से संक्रमित 104 नए रोगी मिले: यूपी में शुक्रवार को कोरोना से संक्रमित 104 नए रोगी मिले। वहीं 165 मरीज स्वस्थ हुए हैं। अभी तक प्रदेश में कुल छह लाख से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं और इसमें से 5.91 लाख रोगी ठीक हो चुके हैं। अब रिकवरी रेट 98.13 प्रतिशत है। तीन और रोगियों की मौत के साथ अब तक कुल 8,712 लोगों की जान यह खतरनाक वायरस ले चुका है।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि अब प्रदेश में कोरोना के 2,521 एक्टिव केस हैं। अभी तक 15.28 करोड़ लोगों की मेडिकल स्क्रीनिंग की जा चुकी है। बीते 24 घंटे में 1.36 लाख लोगों की कोरोना जांच की गई। अभी तक कुल तीन करोड़ से अधिक लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है। उन्होंने लोगों को संक्रमण कम होने के बावजूद पूरी सर्तकता बरतने की सलाह दी है। महाराष्ट्र में अचानक कोरोना रोगियों की संख्या में हो रही बढ़ोतरी के बाद यूपी में भी लोगों को अलर्ट किया जा रहा है। ई संजीवनी पोर्टल की मदद से शुक्रवार को 4,499 लोगों ने चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श लिया।अभी तक प्रदेश में कुल 5.31 लाख लोग ई संजीवनी पोर्टल का प्रयोग कर चुके हैं।