COVID-19 Lucknow News: लखनऊ में कोरोना पकड़ने लगा रफ्तार, वायरस ने ली तीन की जान-273 नए संक्रमित
COVID-19 Lucknow News 24 घंटे में तीन लोगों की जान ली है जबकि 273 लोग संक्रमित हुए हैं। शुक्रवार को 347 मरीज पाए गए थे और एक मौत हुई थी। कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 1856 है।
लखनऊ, जेएनएन। COVID-19 Lucknow News: कोरोना वायरस से 24 घंटे में संक्रमित होने वाले मरीजों की संख्या में शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन मौतों का आंकड़ा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वायरस ने बीते 24 घंटे में तीन लोगों की जान ली है, जबकि 273 लोग संक्रमित हुए हैं। इससे पहले शुक्रवार को 347 मरीज पाए गए थे और एक मौत हुई थी। गुरुवार को चार की मौत हुई थी। यानी पिछले तीन दिनों में आठ मौतें हो चुकी हैं। वहीं, कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 1856 है। सर्विलांस एवं कांटैक्ट ट्रेसिंग के आधार पर 11907 लोगों के नमूने लिए गए। 54 लोगों ने संक्रमण को मात दी।
इंदिरा नगर व हजरतगंज में मिले सर्वाधिक मरीज: इंदिरा नगर 25, गोमती नगर 15, मानक नगर दस, आलमबाग आठ, सुशांत गोल्फ सिटी दस, महानगर 14, हजरतगंज 20, अलीगंज दस, तालकटोरा आठ, आशियाना आठ व चौक में 12 लोग पॉजिटिव पाए गए।
4123 लोगों को लगी वैक्सीन: एसीएमओ डा. एमके सिंह ने बताया कि शनिवार को 4123 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। 45 पॉजिटिव मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आएंगी 50 करोड़ की रैपिड एंटीजन व वीटीएम किट: कोरोना संक्रमण की जांच व बचाव के लिए प्रदेश में 50 करोड़ रुपये से रैपिड एंटीजन किट, वायरल ट्रांसपोर्ट मीडियम (वीटीएम) किट, एन-95 मास्क व पीपीई किट खरीदी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने यह रकम जारी कर दी है। मार्च में जिस तरह कोरोना के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है, उसे लेकर किसी भी तरह की जरूरी सामग्री की कमी अस्पतालों में न होने देने के पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी के तहत अब कोरोना जांच के लिए रैपिड एंटीजन किट, जांच के लिए सैंपल लेने को वीटीएम किट और बचाव के लिए एन-95 मास्क व पीपीई किट खरीदी जाएंगी। प्रतिदिन जिलों में अधिक से अधिक लोगों की जांच हो, इसके भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।