COVID-19 in UP: लखनऊ के साथ प्रयागराज में भी बढ़ने लगे नए संक्रमित, 24 घंटे में प्रदेश में 3999 नए संक्रमित
COVID-19 in UP 24 घंटे में 1.61 लाख लोगों की कोरोना जांच की गई। इससे पहले रविवार को 1.77 लाख लोगों की जांच में 4164 लोग संक्रमित मिले थे। यानी सोमवार को जांच कम हुई तो संक्रमित भी थोड़ा घट गए। प्रदेश में अब एक्टिव केस बढ़कर 22820 हो गए।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में सरकार के तमाम जतन के बाद भी कोरोना वायरस संक्रमण का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण का नया रूप बेहद खतरनाक होता जा रहा है।लखनऊ में कई जगह पर कंटेन्मेंट जोन भी बनाए गए हैं।
प्रदेश में सोमवार को मिली बीते 24 घंटे की टेस्ट रिपोर्ट में 3999 नए संक्रमित मिले हैं। इनमें भी सर्वाधिक 1133 संक्रमित लखनऊ में हैं। यहां पर रविवार को 1129 नए केस थे। सूबे की राजधानी के साथ ही प्रयागराज में भी इसका कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। बीते 24 घंटे की टेस्ट रिपोर्ट प्रदेश में बड़े खतरे का संकेत दे रही है। 24 घंटे में प्रदेश भर में 3999 नए संक्रमित मिले हैं। इस दौरान 14 लोगों की मौत हो गई है। इनमें भी पांच लोग लखनऊ के हैं। लखनऊ के बाद संगमनगरी प्रयागराज में 479, वाराणसी में 337, कानपुर में 208, गोरखपुर में 102 तथा आगरा में 89 नए संक्रमित मिले हैं।
बीते 24 घंटे में 1.61 लाख लोगों की कोरोना जांच की गई। इससे पहले रविवार को 1.77 लाख लोगों की जांच में 4164 लोग संक्रमित मिले थे। यानी सोमवार को जांच कम हुई तो संक्रमित भी थोड़ा घट गए। प्रदेश में अब एक्टिव केस बढ़कर 22820 हो गए हैं। लखनऊ में 1133 नए संक्रमित मिले और यहां पर एक्टिव केस 7143 हो गए हैं। प्रदेश में सर्वाधिक नए संक्रमित लखनऊ में ही मिल रहे हैं। बीते 24 घंटे में यहां पर पांच लोगों की मौत भी हो गई है।