UP Coronavirus Update: उत्तर प्रदेश में पांच हफ्ते बाद 50 हजार से कम हुए कोविड-19 के एक्टिव केस
UP Coronavirus Update उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने की रफ्तार और तेज हो गई है। पांच हफ्ते बाद शुक्रवार को कोरोना के एक्टिव केस घटकर 50 हजार से कम हो गए हैं। अब वर्तमान में रोगियों की संख्या 49112 है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने की रफ्तार और तेज हो गई है। पांच हफ्ते बाद शुक्रवार को कोरोना के एक्टिव केस घटकर 50 हजार से कम हो गए हैं। अब वर्तमान में रोगियों की संख्या 49,112 है। बीते 25 अगस्त को प्रदेश में एक्टिव केस 49,575 थे। फिर इसके बाद मरीज तेजी से बढ़े और 17 सितंबर को सर्वाधिक 68,235 एक्टिव केस हो गए। मगर बीते 15 दिनों से लगातार नए मरीजों के मुकाबले स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण एक्टिव केस 28 फीसद कम हुए हैं। यानी इस बीच 19,123 रोगी घटे हैं। अब रिकवरी रेट बढ़कर 86.47 फीसद हो गया है।
वर्तमान में कोरोना के 49,112 मरीजों में से 22,987 रोगी होम आइसोलेशन में अपना इलाज करवा रहे हैं। वहीं 3,656 रोगी प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करवा रहे हैं। बाकी रोगी कोविड-19 के सरकारी अस्पतालों में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग लगातार जांच और कांटेक्ट ट्रेसिंग को बढ़ाने पर जोर दे रहा है। अब तक प्रदेश में 12.81 करोड़ लोगों की मेडिकल स्क्रीनिंग की जा चुकी है। अभी तक प्रदेश में 1.04 करोड़ लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है।
3,946 नए मरीज मिले, 5107 हुए स्वस्थ : उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमित 3,946 नए रोगी मिले हैं। वहीं इससे अधिक 5,107 मरीज स्वस्थ हुए हैं। अब कुल मरीजों का आंकड़ा 4.07 लाख पहुंच गया है और इसमें से 3.51 लाख रोगी स्वस्थ हो चुके हैं। प्रदेश में अब तक 5,917 लोगों की जान यह खतरनाक वायरस ले चुका है।