लखनऊ : होटल के कमरे में फंदे पर लटका मिला युवक, बेड पर पड़ा था युवती का शव
लखनऊ में कृष्णानगर स्थित होटल मोमेंटम में मिला प्रेमी युगल का शव बेड पर पड़ी थी युवती की बॉडी और फंदे पर झूलता मिला युवक।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में गुरुवार को एक होटल में प्रेमी युगल का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रेमी युगल कृष्णा नगर स्थित होटल मोमेंटम में बुधवार से रुके थे। काफी देर तक कमरा न खुलने पर पुलिस को सूचना दी गई। कमरा खुलने पर युवक का शव फंदे से लटक रहा था वहीं युवती का शव बेड पर पड़ा हुआ था। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। मौके से किसी भी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है।
यह है मामला
संदिग्ध परिस्थितियों में होटल में मृत पाए गए प्रेमी युगल की पहचान कृष्णा नगर निवासीराहुल वर्मा (21 वर्ष) पुत्र रामचंद्र वर्मा और नैन्सी वर्मा (20 वर्ष) पुत्री राजकुमार वर्मा सरोजनी नगर के रूप में हुई है। एसएचओ धीरेंद्र कुमार उपाध्याय ने बताया कि दोनों प्रेमी युगलबुधवार को दोपहर करीब 1:00 बजे होटल पहुंचे थे और बुक करा कर रात में वहीं ठहर गए थे। सुबह काफी देर तक कमरा नहीं खुलने पर होटल के कर्मचारियों को शक हुआ। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। एसएचओ ने बताया कि दोनों सरोजिनी नगर के रहने वाले हैं। मामले की छानबीन की जा रही है। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जानकारी के अनुसार राहुल वर्मा के पिता कृष्णा नगर पॉलिटेक्निक कॉलेज के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। लड़की की मां अस्पताल में कर्मचारी हैं।
एक दूसरे को चार से जानते थे
सूत्रों के मुताबिक राहुल वर्मा और नैन्सी वर्मा दोनों एक दूसरे को चार साल से जानते थे। नैंसी के पिता की ओर से चार दिन पहले ही बेटी को बहला फुसला कर ले जाने की एफआइआर दर्ज कराए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस सारे तथ्यों की फिलहाल पड़ताल कर रही है।
आशंका यह भी जताई जा रही है कि एक दूसरे से बिछड़ने के डर से दोनों ने मरने का फैसला किया और लड़के ने पहले लड़की की हत्या कर खुद को फांसी के फंदे पर लटका लिया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से घटना की जांच पड़ताल कर रही है।