Move to Jagran APP

UP Coronavirus Update: उत्तर प्रदेश में डेढ़ महीने में 4.7 से घटकर 2.4 प्रतिशत पर पहुंचा पॉजिटिविटी रेट

UP Coronavirus Update उत्तर प्रदेश में कोरोना की संक्रमण दर लगातार घट रही है। बीते करीब डेढ़ महीने में इसमें 2.3 फीसद की गिरावट आई है। बीते डेढ़ महीने पहले यह 4.7 फीसद थी और अब रविवार को यह घटकर 2.4 प्रतिशत हो गई है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Sun, 04 Oct 2020 09:56 PM (IST)Updated: Mon, 05 Oct 2020 12:13 AM (IST)
UP Coronavirus Update: उत्तर प्रदेश में डेढ़ महीने में 4.7 से घटकर 2.4 प्रतिशत पर पहुंचा पॉजिटिविटी रेट
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस की पॉजिटिविटी रेट लगातार घट रही है।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस की संक्रमण दर (पॉजिटिविटी रेट) लगातार घट रही है। बीते करीब डेढ़ महीने में इसमें 2.3 फीसद की गिरावट आई है। बीते डेढ़ महीने पहले यह 4.7 फीसद थी और अब रविवार को यह घटकर 2.4 प्रतिशत हो गई है। प्रदेश में अब हर दिन डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों की कोरोना जांच हो रही है, लेकिन संक्रमित लोग कम मिल रहे हैं। अब तक यूपी में 1.07 करोड़ लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। वहीं, रविवार को कोरोना वायरस से संक्रमित 3,930 नए रोगी मिले। वहीं इससे कहीं ज्यादा 5,226 रोगी स्वस्थ हुए। अब कुल मरीजों का आंकड़ा 4.14 लाख है।

loksabha election banner

रविवार को प्रदेश में 1.59 लाख लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया और इसमें से 3,930 लोग संक्रमित पाए गए। यानी 2.4 फीसद लोगों में ही संक्रमण पाया गया। उधर, 19 अगस्त को प्रदेश में 1.07 लाख लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया था और 5,156 लोग संक्रमित पाए गए थे। उस समय पाजिटिविटी रेट 4.7 फीसद था। फिलहाल अब जांच की रफ्तार बढ़ रही है और संक्रमित लोग कम मिल रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा तय किए गए पांच प्रतिशत के न्यूनतम मानक से प्रदेश में संक्रमण दर आधे से भी कम है।

बीते 15 दिनों में आई ज्यादा गिरावट : उत्तर प्रदेश में कोरोना की संक्रमण दर में बीते 15 दिनों में ज्यादा गिरावट देखने को मिली है। 19 अगस्त को 4.7 प्रतिशत थी और महीने भर बाद यह 4.1 फीसद पर पहुंची। यानी सिर्फ 0.6 प्रतिशत की ही गिरावट दर्ज हुई। इसके बाद 20 सितंबर से चार अक्टूबर तक पाजिटिविटी रेट घटने की रफ्तार तेज हुई। 24 सितंबर को यह तीन प्रतिशत पर पहुंची और 27 सितंबर को यह और कम होकर 2.7 प्रतिशत पर पहुंची। अब रविवार को यह 2.4 फीसद पर पहुंच गई।

कुल मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 4.14 लाख पहुंचा : यूपी में रविवार को कोरोना वायरस से संक्रमित 3,930 नए रोगी मिले। वहीं इससे कहीं ज्यादा 5,226 रोगी स्वस्थ हुए। अब कुल मरीजों का आंकड़ा 4.14 लाख है। अब तक 3.62 लाख रोगी स्वस्थ हो चुके हैं। अब रिकवरी रेट बढ़कर 87.35 फीसद हो गया है। अब एक्टिव केस घटकर 46,385 हैं। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि अब तक प्रदेश में चार लाख मेडिकल टीमों की मदद से 12.90 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। ई संजीवनी पोर्टल की मदद से अभी तक 1.17 लाख लोग घर बैठे डॉक्टरों से परामर्श ले चुके हैं। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इन्होंने डॉक्टर को दिखाया। उधर कोविड के साथ-साथ नान कोविड केयर पर भी पूरा जोर दिया जा रहा है। बीते साल एक सितंबर से तीन अक्टूबर तक 23,298 मरीजों का बड़ा आपरेशन (मेजर सर्जरी) किया गया। वहीं इस वर्ष इसी अवधि में 16,827 लोगों के बड़े आपरेशन किए गए।

17 दिनों में घट गए 32 फीसद एक्टिव केस : यूपी में कोरोना संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने की तेज रफ्तार के चलते बीते 17 दिनों में 32 फीसद केस घटे हैं। बीते 17 सितंबर को प्रदेश में सर्वाधिक 68,235 एक्टिव केस थे। अब यह घटकर 46,385 एक्टिव केस हैं। यानी 21,850 एक्टिव केस घटे हैं। अब मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सर्तकता बरतने के निर्देश दिए हैं। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद का कहना है कि दिल्ली व केरल में मरीजों की संख्या काफी घटने के बाद वहां लोगों ने जरूरी सर्तकता नहीं बरती। यही कारण है कि वहां दोबारा से केस बढ़ गए। यूपी में स्थिति लगातार सुधर रही है। ऐसे में मास्क जरूर पहनें और दो गज की शारीरिक दूरी के नियम का पालन करें।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.