Lucknow Coronavirus News: लखनऊ में साढ़े छह फीसद से अधिक दर से कोरोना ने लोगों को बनाया शिकार
इससे राजधानी धीरे-धीरे कोरोना पर विजय पाने की ओर अग्रसर है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 10 लाख लोगों की जांच करने पर इनमें से 950 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। इस लिहाज से मौतों का आंकड़ा एक फीसद से थोड़ा कम है।
लखनऊ, (धर्मेंद्र मिश्रा)। राजधानी में स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक लिए गए कोरोना नमूनों के आधार पर देखा जाए तो वायरस ने साढ़े छह फीसद से अधिक दर से लोगों को संक्रमित किया है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रति लाख आबादी की जांच करने पर 6800 से भी अधिक लोगों के कोरोना की चपेट में आने की पुष्टि हुई है। जबकि 10 लाख की आबादी पर 68 हजार से अधिक लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। अब तक जांचे गए कोरोना नमूनों के आधार पर राजधानी में वायरस संक्रमण की दर 6.8 फीसद से अधिक रही है। हालांकि मौतों का फीसद सिर्फ एक के आसपास रहा। सक्रिय मरीजों की संख्या भी 3500 के अंदर तक सिमट गई है।
इससे राजधानी धीरे-धीरे कोरोना पर विजय पाने की ओर अग्रसर है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 10 लाख लोगों की जांच करने पर इनमें से 950 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। इस लिहाज से मौतों का आंकड़ा एक फीसद से थोड़ा कम है, लेकिन यदि पॉजिटिव मिले लोगों के आधार पर विश्लेषण किया जाए तो मौतों का आंकड़ा भी बढ़ जाता है। 68 हज़ार से अधिक पॉजिटिव में से 950 मौतें होने का मतलब है कि प्रति हज़ार मरीजों पर करीब 14 लोगों की वायरस ने जान ली। यानी 100 पॉजिटिव में से 1.4 मरीजों की मौत हुई। जांच का दायरा बढ़ा: मार्च से ही राजधानी में कोरोना की जांच शुरू हो चुकी थी।
प्रतिदिन 75 से 76 नमूने जांचने की आरंभिक क्षमता अब बढ़कर प्रदेश भर में डेढ़ लाख नमूने प्रतिदिन से भी अधिक हो चुकी है। पहले सिर्फ केजीएमयू में ही कोरोना की जांच की जा रही थी, लेकिन अब अकेले राजधानी के एक दर्जन से अधिक केंद्रों पर नमूने जांचने की सुविधा है। घर-घर जाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों के नमूने एकत्र कर रही है। पहले जहां लोगों की जांच रिपोर्ट आने में तीन चार दिनों का वक्त लग रहा था। वहीं अब 12 से 24 घंटे में कोरोना की रिपोर्ट प्राप्त हो रही है। ट्रूनेट व एंटीजन टेस्ट से भी हजारों लोगों के नमूने जांचे जा चुके हैं। अब तक 10 लाख लोगों की जांच करने पर 68 हजार से अधिक लोग संक्रमित पाए गए हैं। जबकि 950 लोगों की वायरस से मौत हुई है। अब कोरोना संक्रमण के साथ मौतें भी धीरे-धीरे काबू में आने लगी हैं। -संजय भटनागर, सीएमओ, लखनऊ।