शामली में मिला कोरोना पॉजिटिव, CM योगी आदित्यनाथ ने कहा- 51 मेडिकल कॉलेज में कोविड-19 वार्ड
CoronaVirus in UP सहारनपुर मंडल में कोरोना वायरस पॉजिटिव के पहले केस के बाद सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रदेश के 51 मेडिकल कॉलेज में कोविड-19 वार्ड बनाने का निर्देश भी दिया है।
लखनऊ, जेएनएन। शामली के कैराना में दुबई से लौटे युवक में कोराना संक्रमण का मामला सामने के बाद शहर में खलबली मची है। अब उप्र में कोरोना वायरस से संक्रमित की संख्या बढ़कर 34 हो गई है।
उत्तर प्रदेश में अभी तक आगरा, लखनऊ व नोएडा के आठ-आठ, गाजियाबाद के तीन और लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, वाराणसी, कानपुर, शामली, पीलीभीत और जौनपुर के एक-एक व्यक्तियों में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया है। सोमवार को 49 संदिग्ध मरीजों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया। उधर, अभी तक 1487 संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए भेजे गए, जिनमें 1325 मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। 131 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट आना अभी बाकी है। 11 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
सहारनपुर मंडल में कोरोना वायरस पॉजिटिव के पहले केस के बाद सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही संक्रमित युवक को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। उधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 51 मेडिकल कॉलेज में कोविड-19 वार्ड बनाने का निर्देश भी दिया है। शामली जिले के कैराना में मंगलवार की सुबह बुरी खबर लेकर आई। दुबई से लौटे कैराना में एक युवक को कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। सहारनपुर मंडल में यह पहला मामला है। कमिश्नर ने इसकी पुष्टि की है। यह युवक 15 मार्च को दुबई से आया था और घर में आइसेलेट था। चार दिन पहले समस्या हुई। उसका 20 मार्च को सैंपल लिया गया था। किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज,लखनऊ से आज इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
कैराना में पॉजिटिव रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मोहल्ला जेर अंसारियान से आइसोलेशन के लिए कुल सात लोगों को भर्ती किया है। इनमें कोरोना पॉजिटिव युवक के साथ उसकी पत्नी, तीन बच्चों के सात उसके घर पर किराये पर रह रही एक किरायेदार महिला व उसकी नौजवान बेटी शामिल है। इसके साथ ही पीडि़त के घर का क्षेत्र सीज करने के साथ वहां की सभी दुकानें दुकाने बंद कराकर फॉगिग तथा सफाई कराई जा रही है। डीएम व एसपी के साथ सीएमओ मौके पर हैं। पीडि़त पारिवार के सभी लोगों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। 33 साल के युवक की सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दिल्ली में इसका सैंपल लिया गया था, लेकिन इसी दौरान ये शख्स शामली अपने घर भाग आया।
शामली में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद एसपी शामली ने जिले में लोकडाउन के आदेश दे दिए हैं। इसके साथ ही हरियाणा से सटी जिले की सीमाओं को सील किया जा रहा है। एसपी ने निर्देश दिए हैं कि जरूरी काम के लिए केवल एक आदमी ही बाहर निकले।
51 मेडिकल कॉलेज में बनेंगे कोविड-19 वार्ड
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण पर बेहद गंभीर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 51 मेडिकल कालेजों में कोविड 19 अस्पताल बनाने का निर्देश दिया है। इनमें 11000 आइसोलेशन बेड तैयार होंगे। एसजीपीजीआई को हाई रिस्क जोन में बदला गया है। इसके साथ ही लखनऊ में भी तीन अस्पतालों को कोविड 19 अस्पताल में तब्दील किया जा रहा है।