COVID-19 in UP: उत्तर प्रदेश के 17 जिले कोरोना संक्रमण से मुक्त, बीते 24 घंटे में मिले 27 नए संक्रमित
COVID-19 in UP प्रदेश में बीते 24 घंटे में एक लाख 83270 कोविड सैम्पल की जांच की गई। इसमें से 27 नए संक्रमित मिले हैं। इसी दौरान 24 संक्रमित स्वस्थ होकर इसके संक्रमण से बाहर हो गए हैं।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ के मिशन मोड में आने के बाद वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण पर व्यापक नियंत्रण हो गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ट्रैक, टेस्ट तथा ट्रीट फार्मूला पर सरकारी अमले में काम किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री की लगातार समीक्षा बैठक व मॉनिटरिंग का बड़ा असर दिखने लगा है। प्रदेश के 75 में से 17 जिले कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त हैं। यहां पर कोरोना वायरस का एक भी एक्टिव केस नहीं है।
प्रदेश में बीते 24 घंटे में एक लाख 83,270 कोविड सैम्पल की जांच की गई। इसमें से 27 नए संक्रमित मिले हैं। इसी दौरान 24 संक्रमित स्वस्थ होकर इसके संक्रमण से बाहर हो गए हैं। प्रदेश में अब तक कुल 16 लाख 85,785 लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। कोविड की ताजा स्थिति के मुताबिक प्रदेश के 17 जनपदों में एक्टिव केस शून्य हैं। जनपद अलीगढ़, अमेठी, बदायूं, बलिया, बहराइच, चित्रकूट, देवरिया, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, हरदोई, हाथरस, कासगंज, कौशांबी, महोबा, संतकबीरनगर, शामली और श्रावस्ती में आज कोविड का एक भी मरीज शेष नहीं है। यह जनपद आज कोविड संक्रमण से मुक्त हैं। बीते 24 घंटे में हुई टेस्टिंग में 54 जिलों में संक्रमण का एक भी नया केस नहीं पाया गया, जबकि मात्र 21 जनपदों में इकाई अंक में मरीज पाए गए। अब तक 06 करोड़ 94 लाख 67 हजार 980 कोविड सैम्पल की जांच की जा चुकी है। वर्तमान में प्रदेश में एक्टिव कोविड केस की संख्या 420 है। प्रदेश में कोरोना की कुल रिकवरी दर 98.60 प्रतिशत है। 24 घंटे की पॉजिटिविटी दर 0.01 प्रतिशत रही।
पांच करोड़ से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन की कम से कम एक डोज
उत्तर प्रदेश में कोविड वैक्सीनेशन का आंकड़ा छह करोड़ की संख्या पार करने की ओर है। इनमें से पांच करोड़ से अधिक लोगों ने इस वैश्विक महामारी से बचने की प्रक्रिया में वैक्सीन की कम से कम एक डोज प्राप्त कर ली है। इसके साथ ही प्रदेश में 93 लाख 68 हजार से अधिक लोगो ने कोरोना वायरस वैक्सीन की दोनों डोज डोज प्राप्त कर ली है। सोमवार को 23 लाख 67 हजार 468 लोगों ने टीका-कवर प्राप्त किया है। यह देश के किसी एक राज्य में हुआ सर्वाधिक टीकाकरण है।