UP: सेना में फर्जी भर्ती निकाल फर्जीवाड़ा की साजिश, लखनऊ सहित 13 जिलों के अभ्यर्थी निशाने पर
Fake recruitment in army कोविड-19 के कारण लगा सेना की भर्ती प्रक्रिया पर ब्रेक। सोशल मीडिया पर एक और ओपन भर्ती का कार्यक्रम वायरल जिसमे लखनऊ सहित 13 जिलों के अभ्यर्थियों के लिए रैली की संभावित तारीख भी तय।
लखनऊ [निशांत यादव]। Fake recruitment in army : कोविड-19 के कारण जहां एक ओर सेना की भर्ती प्रक्रिया पर ब्रेक लग गया है। वही अब कई जालसाज सेना भर्ती के नाम पर फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। अभी इस साल फरवरी में हुई सेना भर्ती कार्यालय लखनऊ की लिखित परीक्षा भी न हुई थी कि सोशल मीडिया पर एक और ओपन भर्ती का कार्यक्रम वायरल हो गया है। जिसमे लखनऊ सहित 13 जिलों के अभ्यर्थियों के लिए रैली की संभावित तारीख भी तय कर दी गई है। हालांकि सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर इस रैली का कार्यक्रम ही नही पड़ा है।
सेना भर्ती कार्यालय लखनऊ के अंतर्गत लखनऊ, औरैया, बांदा, बाराबंकी, चित्रकूट, फतेहपुर, गोंडा, हमीरपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, महोबा और उन्नाव जिले आते हैं। सोशल मीडिया पर जालसाजों ने जो भर्ती कार्यक्रम वायरल किया है।।उसके तहत चार से 21 मार्च 2021 तक कानपुर में सेना भर्ती रैली प्रस्तावित है। जिसका ऑनलाइन पंजीकरण 17 दिसंबर से 30 जनवरी तक सेना की वेबसाइट पर शुरू होने की बात कही गई है।
वहीं, पंजीकरण के बाद 21 फरवरी से दो मार्च तक ऑनलाइन प्रवेश पत्र भी जारी करने की जानकारी दी गई है।
सैनिक जनरल डुएटी, सैनिक तकनीकी, सैनिक तकनीकी नर्सिंग सहायक, सैनिक क्लर्क और सैनिक ट्रेड्समैन के पदों की योग्यता और उम्र सीमा भी हूबहू असली नोटिफिकेशन की तरह ही ड्राफ्ट की गई है। हालांकि इस फर्जी नोटिफिकेशन में हेडक्वार्टर की मात्रा गलत है। सेना भर्ती से जुड़े सैन्य अधिकारियों के मुताबिक सेना भर्ती की पिछली प्रक्रिया ही अभी पूरी नही हो सकी है।।ऐसे में नए कार्यक्रम की नोटिफिकेशन सेना ने जारी ही नही किया है। यह भर्ती सिंडिकेट से जुड़े कुछ लोगो की साजिश हो सकती है। जिससे बेरोजगार युवकों को झांसे में फंसाया जा सके। सेना भर्ती की सही जानकारी वह भर्ती कार्यालय से भी सीधे प्राप्त कर सकते हैं। ऐसे युवाओं के लिए ही हेल्प डेस्क को खोला गया है।