यूपी के हर जिले के युवाओं से बेरोजगारी पर मुहर लगवाएगी कांग्रेस, 75 हजार हस्ताक्षर का लक्ष्य
किसान कांग्रेस को कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन की ताप यूपी में बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है तो अब युवा कांग्रेस के लिए पार्टी ने नया लक्ष्य तय कर दिया है। हर ब्लॉक में अभियान चलाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ बेरोजगारी की समस्या पर मुहर लगवाएगी।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस अपना हर दांव आजमाने में जुटी है। किसानों के आंदोलन को सतत हवा देने को प्रयासरत कांग्रेस अब बेरोजगारी को बड़ा चुनावी मुद्दा बनाना चाहती है। इसकी जिम्मेदारी युवा कांग्रेस को दी गई है, जो कि प्रदेश के हर ब्लॉक में अभियान चलाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ बेरोजगारी की समस्या पर मुहर लगवाएगी।
कांग्रेस की मुख्य इकाई को इन दिनों संगठन सृजन अभियान में लगाया गया है। ग्राम पंचायत स्तर तक समितियां बनाने की कवायद में पदाधिकारी जुटे हैं। किसान कांग्रेस को कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली सीमा पर चल रहे आंदोलन की ताप उत्तर प्रदेश में बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है तो अब युवा कांग्रेस के लिए पार्टी ने नया लक्ष्य तय कर दिया है।
गत दिवस प्रदेश मुख्यालय पर हुई बैठक में प्रदेश प्रभारी तनु यादव, पूर्वी उप्र प्रभारी कनिष्क पांडेय और पश्चिमी प्रभारी ओमवीर यादव ने प्रदेश भर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा की रणनीति समझाई। तय हुआ है कि युवा कांग्रेस सभी ब्लॉक में अभियान चलाकर युवाओं से मुलाकात करेगी। हर ब्लॉक में कम से कम सौ युवाओं से मिलना है। उनसे उनकी शिक्षा, रोजगार-स्वरोजगार के विषय में जानकारी लेनी है। वह प्रदेश में रोजगार की स्थिति पर क्या सोचते हैं? यह जानना है। यदि बेरोजगारी की समस्या से परेशान हैं तो सुधार के लिए क्या सुझाव हैं? यह सब हस्ताक्षर सहित लिखवाना है।
यह सारा डेटा प्रदेश मुख्यालय को एक-एक युवा के मोबाइल नंबर सहित प्रदेश मुख्यालय को उपलब्ध कराना होगा। पार्टी ने हर जिले से कम से कम एक हजार और प्रदेश भर से न्यूनतम 75 हजार युवाओं के हस्ताक्षर कराने का लक्ष्य दिया है। अभियान के वीडियो-फोटो भी लगातार प्रदेश मुख्यालय को भेजने होंगे।
यह भी पढ़ें : यूपी कांग्रेस ने कमजोर प्रदर्शन और विवाद वाले जिला व शहर अध्यक्ष हटाकर दिया सख्त संदेश