करो या मरो अंदाज में लड़ेंगे लोकसभा चुनाव, वेस्ट यूपी में कांग्रेस की गुटबाजी खत्म होगी : सिंधिया
पश्चिमी जिलों के प्रभारी व कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने करो या मरो अंदाज में चुनाव लडऩे व गुटबाजी का खत्म कर संगठन की मजबूती पर जोर दिया।
लखनऊ, जेएनएन। पश्चिमी जिलों के प्रभारी व कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने करो या मरो अंदाज में चुनाव लडऩे व गुटबाजी का खत्म कर संगठन की मजबूती पर जोर दिया। संसदीय सीटों की समीक्षा करते हुए सिंधिया ने नेताओं से अपने क्षेत्रों में अधिकतम प्रवास करने और जनसमस्याओं का समाधान कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बूथस्तर पर तैयारियां पुख्ता नहीं होंगी तो कांग्रेस की वापसी आसान नहीं हो पाएगी।
स्थानीय मुद्दों के बारे में पूछताछ
संसदीय क्षेत्रवार बैठकों में सिंधिया ने जातीय जानकारी लेने के साथ स्थानीय मुद्दों के बारे में पूछताछ की। सहारनपुर और कैराना से शुरुआत करते हुए देर रात तक मेरठ, अमरोहा, बागपत, अमरोहा व संभल आदि सीटों पर चर्चा की। सिंधिया ने स्पष्ट किया कि चुनाव केवल बड़े नेताओं के नाम पर नहीं जीता जाता है वरन स्थानीय कार्यकर्ताओं की मेहनत असर दिखाती है। उन्होंने कहा कि एक दूसरे की कमी गिनाने के बजाए एकजुटता से काम करें तो कांग्रेस अपने गौरव को फिर हासिल कर लेगी। सिंधिया ने किसानों के मुद्दों को अधिक गर्माने पर बल दिया।
प्रभारी करेंगे निगरानी
सभी सीटों पर चुनाव लडऩे की तैयारियों की हिदायत देते हुए सिंधिया ने बताया कि सहयोग के लिए अन्य प्रदेशों के नेताओं को प्रभारी नियुक्त किया जाएगा जो सबसे संपर्क करके तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। एक पूर्व विधायक ने बताया कि गठबंधन के बजाय अकेले लडऩे की तैयारी एक वर्ष पूर्व आरंभ हो जाती तो वातावरण कांग्रेस के प्रति बेहतर होता। सहारनपुर में राजेंद्र सिंह व कैराना में ठाकुर राजन को प्रभारी बनाए जाने की जानकारी भी दी गई।
आगरा व गाजियाबाद पर चर्चा आज
सिंधिया बुधवार को गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, हाथरस, फतेहपुर सीकरी, एटा, फीरोजाबाद और बदायंू संसदीय क्षेत्रों के प्रमुख नेताओं से भेंट करेंगे।