गलत चालान हो या यातायात संबंधित दिक्कत मेल पर करें शिकायत, ये नंबर करेंगे मदद
एडिशनल डीसीपी यातायात पूर्णेंदु सिंह ने दैनिक जागरण के पाठकों को गलत यातायात चालान को सही करवाने संबंधी जानकारी दी।
लखनऊ, जेएनएन। शहर में यातायात व्यवस्था पहले से अब बेहतर हैं, लेकिन कुछ समस्याएं हैं। जिनका विभाग समाधान करने की पूरी कोशिश कर रहा है। शहर के 158 चौराहों पर सिग्नल से यातायात चलाया जा रहा है। अधिक यातायात वाले चौराहों पर यातायात पुलिस कर्मी तैनात हैं। फिर लोगों के जल्दी निकलने की कोशिश से फ्री लेफ्ट टर्न की व्यवस्था चौपट हो जाती है। इसके लिए जल्द ही ऐसे चौराहों के पास स्प्रिंग पोस्ट लगवाने का प्लान है। कुछ चौराहों पर लेफ्ट टर्न, अवैध पार्किंग, गलत चालान और क्रेन से वाहन उठाने की शिकायत आ रही है। ऐसी समस्या के लिए पीड़ित यातायात कंट्रोल रूम में फोन कर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही यातायात विभाग की मेल आइडी पर भी भेज सकते हैं। यह बात एडिशनल डीसीपी यातायात पूर्णेंदु सिंह ने लोगों के सवालों के जवाब में कही।
सवाल : आलमबाग चौराहे से अवध हास्पिटल तक अतिक्रमण है। जिससे यातायात प्रभावित रहता है। राजेश कुमार, आलमबाग
-आलमबाग चौराहे के आसपास अवैध तरीके से खड़े वाहनों को हटाने के लिए एक क्रेन की ड्यूटी वहां पर है। वहीं अवैध तरीके से दुकान व ठेला लगाने वालों के खिलाफ समय-समय पर नगर निगम की टीम के साथ अभियान चलाया जाता है।
सवाल : शहर में टेंपो-ऑटो वाले मानक से ज्यादा किराया लेते है। ऑटो के मीटर (दूरी) के आधार पर किराए की व्यवस्था शहर में क्यों लागू नहीं होती। राधे श्याम गुप्ता, चारबाग
-शहर में मीटर से किराया लेने वाले वाली व्यवस्था अभी लागू नहीं है। इसको लेकर संबंधित विभागों से बात चल रही है।
सवाल : शहर में प्री-लेफ्ट की व्यवस्था न होने से चौराहों पर दिक्कत आ रही है। जीके सेठ, पेपर मिल कालोनी
-शहर में लोग जल्दी निकलने के चक्कर में लेन तोड़कर पूरा रास्ता जाम कर देते हैं। इससे यह दिक्कत आ रही है। फ्री लेफ्ट के लिए जल्द ही प्रमुख चौराहों पर स्प्रिंग पोस्ट लगवाने का काम किया जाएगा।
सवाल : कई चौराहों पर जेब्रा व स्टाप लाइन नहीं है। श्याम चौधरी, अलीगंज
- कुछ चौराहों के पास की जेब्रा व स्टाप लाइन मिट गई है। इसके लिए संबंधित विभाग से कहा गया है। जल्द ही हर चौराहे पर जेब्रा व स्टाप लाइन बन जाएगी।
सवाल : मेरी बाइक का गलत चालान हो गया। राकेश मिश्र, गोमतीनगर
-गलत चालान आने पर डालीगंज स्थित डीसीपी यातायात कार्यालय में सपंर्क करें। इसके साथ ही यातायात विभाग के कंट्रोल रूम नंबर पर या मेल आइडी पर भी शिकायत कर सकते हैं।
सवाल : घर के बाहर कार खड़ी थी। क्रेन वाले अवैध तरीके से उठा ले गए। कुणाल कपूर, गोमतीनगर
-अवैध तरीके से पार्क वाहन की क्रेन उठाती है। यदि आपको लगता है कि क्रेन ने अवैध तरीके से वाहन को उठाया है तो आप शिकायत दर्ज कराएं। जांच कर कार्रवाई होगी।
सवाल : समय से चालान जमा न होने से चालान कोर्ट चला गया। कैसे जमा करें। देवेश विश्वकर्मा, इंदिरानगर
-डालीगंज स्थित डीसीपी यातायात कार्यालय में संपर्क करें। जहां कोर्ट गए चालान के विषय में जानकारी कर समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
चालान जमा करने के लिए यहां करें संपर्क
कंट्रोल रूम : 9454405155
न्यायालय संबंधित चालान के लिए
7311190190
गलत चालान, क्रेन या यातायात संबंधित शिकायत
फोन : 9454405155
मेल आइडी : dcptlko@gmail.com