पिछले 24 घंटे से रुकरुक हो रही बारिश ने बढ़ाई गलन
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों में तेज बारिश की भी संभावना है।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश ने गलन बढ़ा दी। बुधवार को भोर से शुरू हुई बारिश गुरुवार को भी जारी रही। बदली और बारिश के चलते फरवरी माह ठंड का माह बना हुआ है। प्रदेश भर में मौसम के करवट लेने के साथ गलन बढ़ गई है। मौसम अभी ऐसा ही रहेगा। बदली के साथ बारिश होगी। कुछ स्थानों पर ओले पडऩे की भी संभावना है।
बुधवार को भोर में मौसम अचानक बदल गया। गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई लेकिन दिन चढऩे के साथ मौसम साफ हो गया और धूप निकल आई। लगा कि मौसम साफ हो जाएगा। लोग अपने-अपने कार्यस्थल को रवाना हो गए। लेकिन 11 बजे के करीब एक बार फिर काले बादलों ने आसमान को अपनी गिरफ्त में ले लिया और कुछ ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे बारिश होती रही। इसके बाद एक बार फिर बारिश का तेज झोंका आया। बारिश का यह क्रम रातभर जारी रहा। थोड़ी-थोड़ी देर रुक-रुककर हो रही बारिश ने ठंड में इजाफा कर दिया है।
मौसम की यह उठापटक अगले दो-तीन दिन और जारी रहने की संभावना है। बारिश का प्रभाव प्रदेश भर में रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बिजनौर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर आदि स्थानों पर तेज बारिश की उम्मीद है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश व ओले पडऩे की संभावना है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वातावरण में नमी 93 फीसद रही।