लखनऊ के सम्मेलन में प्रदेश के व्यापारियों में आज जोश भरेंगे मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम समेत अन्य रहेंगे मौजूद
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ का व्यापारी सम्मेलन आज लखनऊ के कैम्पल रोड किशोरगंज चौराहा स्थित जेएस लॉन में आयोजित होगा। शाम पांच बजे होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व्यापारियों में जोश भरेंगे। प्रदेश को कोरोना संकट से उबारने में व्यापारियों की भूमिका की सराहना भी करेंगे।
लखनऊ, जागरण संवाददाता। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ का व्यापारी सम्मेलन आज लखनऊ के कैम्पल रोड किशोरगंज चौराहा स्थित जेएस लॉन में आयोजित होने जा जा रहा है। शाम पांच बजे होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व्यापारियों में जोश भरेंगे। साथ ही कोरोना संकट के समय प्रदेश को इससे उबारने में व्यापारियों की भूमिका की सराहना भी करेंगे।
यूपी विधान सभा चुनाव 2022 को देखते हुए भाजपा प्रदेश में लगातार विभिन्न वर्गों का सम्मेलन कर रही है। व्यापारियों का सम्मेलन अभी तक नहीं हुआ था। इस लिहाज से इस सम्मेलन को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा और महानगर संयोजक अभिषेक खरे ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि इसमें बड़ी संख्या में व्यापारी बंधु शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में सीएम योगी के अतिरिक्त प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं की उपस्थित रहेगी।
व्यापारी अपनी समस्याओं से कराएंगे अवगतः कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वर्गों के व्यापारी मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से भी अवगत कराएंगे। कोरोनाकाल के बाद से व्यापारियों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कुछ अधिकारी व्यापारियों को पूरी तरह सहयोग नहीं कर रहे। इससे व्यापारी गण परेशान हैं। वह सभी मुख्यमंत्री से अपनी समस्याओं के त्वरित निस्तारण की मांग भी करेंगे।
दूसरे जिलों से भी आएंगे व्यापारीः
नेताद्वय ने बताया कि लखनऊ महानगर अंतर्गत आने वाले सातों विधानसभा क्षेत्र के बाजारों से भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों से भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के व्यापारियों के अलावा कई बड़े कारोबारियों की मौजूदगी रहेगी। व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता एवं सह संयोजक अनूप गुप्ता ने कार्यक्रम की रूप रेखा के बारे में विस्तार से बताया। सह संयोजक मुकुंद मिश्रा, क्षेत्रीय संयोजक पुरुषोत्तम पुरी एवं कई भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान अनुराग साहू, विमर्श रस्तोगी, मुदित कपूर, सौरभ टंडन मोनी आदि उपस्थित रहे।