सीएम योगी आदित्यनाथ 55 लाख से अधिक गरीब स्टूडेंट्स को देंगे छात्रवृत्ति, दिसंबर तक हो जाएगा वितरण
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार हर साल करीब 56 लाख से अधिक गरीब परिवारों के छात्र-छात्राओं को दशमोत्तर छात्रवृत्ति शुल्क प्रतिपूर्ति एवं पूर्व दशम छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्रदान करती है इसमें सरकार करीब 4500 करोड़ रुपये खर्च करती है।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश सरकार दिसंबर तक करीब 55 लाख से अधिक गरीब छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान करेगी। समाज कल्याण विभाग छात्रवृत्ति वितरण की तैयारियों में जुट गया है। दूसरे चरण की छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम 30 नवंबर को होगा, इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 15 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान करेंगे।
दरअसल, उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार हर साल करीब 56 लाख से अधिक गरीब परिवारों के छात्र-छात्राओं को दशमोत्तर छात्रवृत्ति, शुल्क प्रतिपूर्ति एवं पूर्व दशम छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्रदान करती है, इसमें सरकार करीब 4500 करोड़ रुपये खर्च करती है। हर साल छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम दो अक्टूबर और 26 जनवरी को होता है। चूंकि अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं इसलिए सरकार की कोशिश है कि इससे पहले सभी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति मिल जाए।
सरकार इस साल दो अक्टूबर को पहले चरण की छात्रवृत्ति वितरित कर चुकी है। इसमें करीब डेढ़ लाख छात्रों को छात्रवृत्ति दी गई थी। दूसरे चरण की छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम 30 नवंबर को होना है। 56 लाख छात्र-छात्राओं में से अब तक करीब 30 लाख छात्र-छात्राएं आवेदन कर चुके हैं। इनका सत्यापन चल रहा है। जितने अधिक सत्यापन हो जाएंगे उन्हें छात्रवृत्ति प्रदान कर दी जाएगी। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि 15 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति 30 नवंबर को दे दी जाएगी।
वहीं, करीब 25 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं ऐसे हैं जो विभिन्न कारणों से अभी छात्रवृत्ति के आवेदन पत्र ही नहीं भर सके हैं। ऐसे छात्र-छात्राएं 30 नवंबर तक छात्रवृत्ति के आनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं। तीन दिसंबर तक संस्थाएं आवेदन पत्र को आगे बढ़ाएंगी। इसके बाद जनपदीय छात्रवृत्ति स्वीकृति समिति इनका परीक्षण करेगी। इन छात्र-छात्राओं को तीसरे चरण में यानी दिसंबर अंत में छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।