सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, शहीद भगत सिंह का सदैव ऋणी रहेगा राष्ट्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय क्रांतिकारी भगत सिंह को उनकी 111वीं जयंती पर याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
लखनऊ (जेएनएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर उनको याद करने के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के साथ ही केशव प्रसाद मौर्य ने भी उनका नमन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय क्रांतिकारी भगत सिंह को उनकी 111वीं जयंती पर याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भगत सिंह का फोटो ट्वीट करने के साथ लिखा है कि शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह जी की जयंती पर उन्हें शत् शत् नमन। यह राष्ट्र सदैव आप का ऋणी रहेगा।
उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह कहते थे कि जिंदगी तो सिर्फ अपने कंधों पर जी जाती है, दूसरों के कंधे पर तो सिर्फ जनाजे उठाए जाते हैं। उनके यह विचार बेहद क्रांतिकारी हैं। अपने विचारों और कदमों से अंग्रेजी हकूमत की जड़े हिला देने वाले भगत सिंह कहते थे, 'बम और पिस्तौल से क्रांति नहीं आती, क्रांति की तलवार विचारों की सान पर तेज होती है। भगत सिंह कहते थे कि प्रेमी, पागल और कवि एक ही चीज से बने होते हैं और देशभक्तों को अक्सर लोग पागल कहते हैं।। असेंबली में बम फेंककर उन्होंने अंग्रेजी हकूमत में खौफ पैदा कर दिया था। 13 अप्रैल 1919 को जलियांवाला बाग नरसंहार से भगत सिंह इस कदर व्यथित तथे कि पीडि़तों का दर्द साझा करने कई मील पैदल जलकर जलियांवाला पहुंचे थे। उन्होंने लिखा है कि राख का हर एक कण मेरी गर्मी से गतिमान है। मैं एक ऐसा पागल हूं, जो जेल में भी आजाद है।
"राख का हर एक कण मेरी गर्मी से गतिमान है मैं एक ऐसा पागल हूँ जो जेल में भी आज़ाद है"
शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह जी की जयंती पर उन्हें शत् शत् नमन। यह राष्ट्र सदैव आप का ऋणी रहेगा। pic.twitter.com/cgXqVTS8Z3 — Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 28, 2018
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि मां भारती के वीर सपूत, देश की आजादी के लिए अपना प्राण न्योछावर करने वाले वीर अमर सपूत, महान क्रांतिकारी, शहीद ए आजम भगत सिंह की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने ट्विटर पर लिखा कि शहीद-ए-आजम अमर शहीद राष्ट्रनायक शहीद भगतसिंह की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। उन्होंने लिखा है कि व्यक्तियों को कुचल कर, वे विचारों को नहीं मार सकते। उन्होंने शहीद भगत सिंह को भारत मां का वीर सपूत व देशभक्तों के प्रेरणास्रोत बताते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।