Move to Jagran APP

CM योगी आदित्यनाथ को भरोसा 2022 के विधानसभा में भाजपा जीतेगी 300 से अधिक सीट

UP Assembly Election 2022 सीएम योगी आदित्यनाथ ने भरोसा जताया कि भाजपा 2022 के विधानसभा चुनाव में 403 में से 300 से अधिक सीट जीतेगी। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी भाजपा को 2022 में उत्तर प्रदेश में 300 से अधिक सीट मिलने की उम्मीद जताई थी।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Sun, 04 Jul 2021 11:52 AM (IST)Updated: Sun, 04 Jul 2021 04:02 PM (IST)
CM योगी आदित्यनाथ को भरोसा 2022 के विधानसभा में भाजपा जीतेगी 300 से अधिक सीट
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काफी गदगद

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में मिली बड़ी सफलता से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काफी गदगद हैं। शनिवार को उन्होंने भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के साथ सभी कार्यकर्ताओं को बधाई से साथ ही धन्यवाद भी ज्ञापित किया। इसके साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ ने भरोसा जताया कि भाजपा उत्तर प्रदेश के 2022 के विधानसभा चुनाव में 403 में से 300 से अधिक सीट जीतेगी। इससे पहले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी भाजपा को 2022 में उत्तर प्रदेश में 300 से अधिक सीट मिलने की उम्मीद जताई थी।

loksabha election banner

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष की 75 में से 67 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। इस सफलता के लिए मैं भाजपा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा 2022 का उत्तर प्रदेश का विधानसभा का चुनाव बड़े अंतर से जीतेगी। हमको 300 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल के विधानसभा चुनाव के नतीजे भी जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के नतीजों के जैसे ही होंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारे चार वर्ष के काम को जनता ने स्वीकार किया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा की इस जीत को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय पीएम नरेंद्र मोदी की लोक कल्याणकारी नीतियों का प्रतिफल है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में भाजपा का लक्ष्य जिला जीतना है। पंचायत चुनाव के सकारात्मक परिणाम आए हैं। 75 में से भाजपा ने 67 पंचायत सीटों पर जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा 2014 के लोकसभा, 2017 के विधानसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव में जीती है। अब हम 2022 के विधानसभा चुनाव में भी जीत दर्ज करेंगे। यह उत्तर प्रदेश में स्थापित सुशासन के प्रति जन विश्वास का प्रकटीकरण है। सभी प्रदेशवासियों का धन्यवाद एवं विजय की हार्दिक बधाई।

विपक्ष पर सीएम का जोरदार हमला

मुख्यमंत्री ने इस दौरान विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में एक मुहिम चलाई गई थी कि ईवीएम की वजह से हार हुई, लेकिन इसमें तो बैलेट पेपर ही था। उसके बाद भी हार हुई। सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने इटावा, बलिया आदि में जीत गई, तो क्या यह जिले यूपी से बाहर हैं। यह निष्पक्षता का एक मानक है। अगर विपक्ष जीत गया तो समर्थन है और अगर हम जीत गए तो यह प्रशासन का दुरुपयोग है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी तंज कसा कि यह तो कड़वा-कड़वा थू और मीठा-मीठा गप। यह नहीं चलेगा। मुझे लगता है कि समाजवादी पार्टी भ्रमित है और इसी कारण यह लोग लगातार भ्रम ही पैदा कर रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी के बारे में कहा कि वह हमारे देश के एक बड़े नेता हैं। अगर उन्होंने भाजपा को (2002 के विधानसभा चुनाव के लिए) चुनौती दी है तो भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता ने उनकी (असदुद्दीन ओवैसी) चुनौती स्वीकार कर ली है। इसमें कोई शक नहीं है कि भाजपा उत्तर प्रदेश में (2002 में) सरकार बनाएगी।

पंचायत चुनाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उसमें भी भाजपा ही जीती है। ग्राम प्रधान चुनाव में ज्यादातर भाजपा के कार्यकर्ता ही जीते हैं। क्षेत्र पंचायत के सदस्य भी भाजपा के कार्यकर्ता ही जीते हैं। भाजपा और भाजपा समर्थक कार्यकर्ताओं की संख्या 3050 में से 1500 से ज्यादा थी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसान आंदोलन के बड़े केंद्र शामली, सहारनपुर, बिजनौर, बुलंदशहर, संभल, बागपत आदि थे, लेकिन सिर्फ बागपत को छोड़कर बाकी सीटें भाजपा ही जीती है।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.