CM योगी ने दी होली की बधाई, कहा-समरसता और सौहार्द का प्रतीक है पर्व
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली की बधाई देते हुए अपने संदेश में कहा है कि देश की सनातन परंपरा का प्रमुख पर्व होली सामाजिक समरसता एवं सौहार्द का प्रतीक है।
लखनऊ, जेएनएन। भाजपा सरकार और संगठन ने होली पर्व पर प्रदेश की जनता को बधाई दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा है कि देश की सनातन परंपरा का प्रमुख पर्व होली सामाजिक समरसता एवं सौहार्द का प्रतीक है। होली सहित हमारे अधिकांश पर्व हमें अधर्म, असत्य एवं अन्याय से लडऩे के साथ परस्पर प्रेम और सद्भाव से रहने की प्रेरणा देते हैं।
योगी ने कहा कि पर्व एवं त्योहारों की हमारी लंबी परंपरा सनातन धर्म के गौरव एवं प्राचीनता को बताते हैं। ये हर्षोल्लास एवं राष्ट्रीयता को मजबूत करने के प्रेरक मौके हैं। जब आतंकवाद, भ्रष्टाचार और अन्य कुरीतियों के खिलाफ लड़ाई निर्णायक दौर में हो तो इन पर्वों की प्रासंगिकता और बढ़ जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पर्व एवं त्योहारों में शोक और संताप की कोई जगह नहीं, पर इनकी मर्यादा और पवित्रता के लिए हर्षोल्लास में जोश के साथ होश भी जरूरी है। लिहाजा ऐसा कोई काम न करें जिससे इनकी पवित्रता एवं मर्यादा भंग हो।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने होली पर्व पर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की है। भाईचारे के प्रतीक रंगों का यह पावन पर्व सभी के जीवन में खुशियों के विविध रंग बिखेरे।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन एवं नगर निकायों के सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि होली पर शांति, सुरक्षा, स्वच्छता एवं जलापूर्ति की खास व्यवस्था करें।