सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिए निर्देश- प्रदेश के अटल आवासीय विद्यालयों में अनाथ बच्चे भी करेंगे पढ़ाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अटल आवासीय विद्यालयों की डिजाइन का प्रस्तुतिकरण देखने के बाद इन विद्यालयों और छात्रावास के भवनों का आर्किटेक्चर भारतीय दर्शन व संस्कृति के अनुरूप बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि इनमें अटल व अन्य महापुरुषों के व्यक्तित्व व कृतित्व की झलक भी दिखाई दे।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के सभी 18 मंडलों में श्रमिकों के बच्चों के लिए बनाए जा रहे अटल आवासीय विद्यालयों में अनाथ बच्चे भी पढ़ाई करेंगे। उनके प्रवेश और शिक्षा की व्यवस्था करने के निर्देश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिए हैं। आरंभिक कक्षाएं शुरू करने के लिए जुलाई, 2021 की समय सीमा निर्धारित की गई है। सीएम योगी ने कहा कि अटल आवासीय विद्यालय भवन में श्रमिकों की संतानों और अनाथ बच्चों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवस्थाएं की जाएं, जिससे बच्चों की योग्यता, क्षमता और कौशल का मूल्यांकन करते हुए उनकी रुचि के अनुसार शिक्षा दी जा सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास पर अटल आवासीय विद्यालयों की डिजाइन का प्रस्तुतिकरण देखने के बाद इन विद्यालयों और छात्रावास के भवनों का आर्किटेक्चर भारतीय दर्शन व संस्कृति के अनुरूप बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि इनमें अटल व अन्य महापुरुषों के व्यक्तित्व व कृतित्व की झलक भी दिखाई दे। इसकी शैली उत्कृष्ट और जीवंत हो और निर्माण में आधुनिक तकनीक, डिजाइन व सुविधाओं का समावेश किया जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विद्यालय भवन में श्रमिकों की संतानों और अनाथ बच्चों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवस्थाएं की जाएं, जिससे बच्चों की योग्यता, क्षमता और कौशल का मूल्यांकन करते हुए उनकी रुचि के अनुसार शिक्षा दी जा सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश के सभी 18 मंडलों में अटल आवासीय विद्यालय बनाए जा रहे हैं। यह विद्यालय नवोदय विद्यालयों की तर्ज पर संचालित किए जाएंगे। इन आवासीय विद्यालयों में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों सहित निराश्रित और अनाथ बच्चों को निश्शुल्क शिक्षा, आवास, भोजन आदि की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बच्चों को उनकी रुचि के अनुरूप शिक्षित कर स्वावलंबी और योग्य नागरिक बनाया जाएगा। इस अवसर पर श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, अपर मुख्य सचिव श्रम सुरेश चंद्रा, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, प्रमुख सचिव लोक निर्माण नितिन रमेश गोकर्ण, सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।