मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई, प्रभु श्रीराम से की स्वस्थ्य की कामना
Mulayam Singh Yadavs Birthday Today सीएम योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह यादव को जन्मदिन की बधाई दी है। सीएम ने ट्वीट के जरिए कहा कि मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।
लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का सोमवार को 82 जन्मदिन है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। सीएम योगी ने ट्वीट के जरिए कहा कि 'उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।'
उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री और केन्द्र में रक्षामंत्री रहे मुलायम सिंह यादव का सोमवार को समाजवादी पार्टी लखनऊ से लेकर इटावा तक जन्मदिन मना रही है। लखनऊ के में जगह जगह पर मुलायम सिंह को जन्मदिन की बधाई देते हुए समाजवादी पार्टी के नेताओं ने होर्डिंग और बैनर लगाए हुए हैं। इस मौके पर मुलायम सिंह यादव को सीएम योगी आदित्यनाथ ने जन्मदिन की बधाई दी।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के जन्मदिवस पर सोमवार को शिवपाल यादव सैफई में केक काटकर दंगल कराएंगे। वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लखनऊ में ही जन्मदिन मनाएंगे। फिलहाल सैफई के मास्टर चंदगीराम स्टेडियम में प्रसपा के कार्यक्रम की तैयारी चल रही है और दंगल में मुलायम व अखिलेश यादव को भी आमंत्रण दिया गया है। समाजवादी पार्टी गांव में मुलायम का जन्मदिन सादगी के साथ मनाएगी। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने बताया कि पार्टी कार्यालय पर केक काटकर गोष्ठी की जाएगी। साथ ही सभी बूथ सेक्टरों पर केक काटा जाएगा।
परिवर्तन दिवस के रूप में मुलायम का जन्मदिन मनाएगी प्रसपा : सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को प्रगतिशील समाजवाद का पुरोधा बताते हुए उनका जन्मदिन प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) परिवर्तन दिवस के रूप में मनाएगी। पार्टी अध्यक्ष शिवपाल सिंह के निर्देश पर केंद्रीय शिविर कार्यालय में हवन और मुलायम सिंह के व्यक्तित्व व कृतित्व पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। मुख्य प्रवक्ता दीपक मिश्र द्वारा संपादित ई-बुक 'मुलायम शिवपाल डाट इन' का विमोचन होगा। साथ ही साथ सपा संस्थापक के आंदोलन के साथियों को सम्मानित भी किया जाएगा। इसके बाद 83 किलो का केक काटकर मिष्ठान्न वितरण होगा।
तय हो सकता सपा-प्रसपा में गठबंधन या विलय : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और चाचा प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) प्रमुख शिवपाल सिंह यादव के बीच जुबानी जंग में अब नरमी आई है। राजनीतिक हल्कों में इसके कयास लगाए जा रहे हैं कि 22 नवंबर को सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर दोनों के बीच गठबंधन या विलय पर निर्णय हो सकता है। दो दिन से इटावा में ही प्रवास कर रहे शिवपाल पहले ही कह चुके हैं कि फैसला अखिलेश पर निर्भर है। मैं उनका चाचा हूं और रहूंगा। अब अखिलेश यादव की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।