उत्तराखंड महोत्सव नौ को, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे उद्घाटन Lucknow News
लखनऊ के बीरबल साहनी मार्ग के गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक स्थल पर होगा उत्तराखंड महोत्सव का उद्घाटन।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तराखंड की संस्कृति और खानपान को समेटे उत्तराखंड महोत्सव की शुरुआत भले ही नौ नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे, लेकिन बीरबल साहनी मार्ग स्थित गोविंद बल्लभ पंत उत्तराखंड सांस्कृति स्थल पर महोत्सव आकार लेने लगा है। नौ नवंबर को सांसद डॉ.रीता बहुगुणा जोशी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महोत्सव की विधिवत शुरुआत करेंगे।
उत्तराखंड महापरिषद के महासचिव हरीश चंद्र पंत ने बताया कि उत्तराखंड महापरिषद के अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट के संयोजन में चलने वाले10 दिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन थल सेना अध्यक्ष जनरल विपिन रावत मुख्य अतिथि होंगे। महोत्सव में स्टॉलों के लगाने का कार्य शुरू हो गया है। उत्तराखंड की बाल मिठाई के साथ ही मड़वा आंटा, सफेद राजमा के साथ ही पहाड़ी जड़ी बूटियों के स्टॉल लोगों को उत्तराखंड की तस्वीर से रूबरू कराएंगे।
मंच पर होगा खास
उत्तराखंड महोत्सव का मंच भी इस बार खास होगा। महासचिव हरीश चंद्र पंत ने बताया कि मंच पर पहाड़ की छटा को दिखाने का प्रयास होगा। नृत्य के साथ ही छोलियां नृत्य व उत्तराखंड के पहनावे की झलक लोगों को वहां की संस्कृति से रूबरू कराएगी।
उत्तराखंड कौथिग 14 जनवरी को
उत्तराखंड की संस्कृति को अपने आंचल में समेटे उत्तरायणी मेला (कौथिग)14 जनवरी से शुरू होगा। बीरबल साहनी मार्ग स्थित उत्तराखंड सांस्कृतिक स्थल में होने वाले आयोजन को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। महापरिषद के महासचिव गणेशचंद्र जोशी ने बताया कि मेले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही मंत्री, सांसद व विधायकों को आमंत्रित किया जाएगा। उत्तराखंड की राजजात यात्रा व छोलिया नृत्य के साथ ही पर्वतीय संस्कृति की झलक भी शोभायात्रा में नजर आएगी।