लखनऊ के राहुल, श्रेयांश, शिवा और मरियम को सर्वोच्च खेल सम्मान, मुख्यमंत्री आज करेंगे सम्मानित
प्रदेश के नौ खिलाड़ियों को लक्ष्मण और पांच महिला खिलाड़ियों को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार। सीएम योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश दिवस के मौके पर अवध शिल्पग्राम में आज करेंगे सम्मानित।
लखनऊ, जेएनएन। एशियाई खेल के स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज सौरभ चौधरी, स्टार जैवलिन थ्रोअर शिवपाल सिंह और लंबी दूरी की धाविका पारुल चौधरी समेत सूबे के नौ पुरुष खिलाड़ियों को राज्य के सर्वोच्च खेल सम्मान लक्ष्मण पुरस्कार और पांच महिला खिलाड़ियों को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित करने का फैसला किया गया है। सम्मानित होने वालों में राजधानी के उभरते सितारों का बोलबाला है। शहर से राहुल दुबे और श्रेयांश को लक्ष्मण, जबकि मरियम खान व शिवा सिंह को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
इन खिलाड़ियों को शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर अवध शिल्पग्राम में सम्मानित करेंगे। इस मौके पर खेल, युवा कल्याण एवं पंचायती राज, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी भी मौजूद रहेंगे। यह पुरस्कार खिलाड़ियों को उनकी वर्ष 2018-19 की उपलब्धियों को देखते हुए दिए जा रहे हैं। लक्ष्मण पुरस्कार से नवाजे जाने वाले खिलाड़ियों में जकार्ता एशियाई खेल के चैंपियन निशानेबाज मेरठ के सौरभ चौधरी, जैवलिन थ्रोअर चंदौली के शिवपाल सिंह, अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी कानपुर के अभिषेक यादव, जूनियर भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रहे गोरखपुर के दिवाकर राम, मेरठ के तीरंदाज चमन सिंह, लखनऊ के हैंडबाल खिलाड़ी राहुल दुबे, सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी लखनऊ के श्रेयांश कुमार शामिल हैं।
इनके अलावा अंतरराष्ट्रीय पहलवान बागपत के राजीव तोमर और हापुड़ के निशानेबाज सतेंद्र कुमार को वेटरन वर्ग में लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से मेरठ की पारुल चौधरी, कानपुर की निशानेबाज अमृता पांडेय, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और भारतीय महिला हैंडबॉल टीम की कप्तान लखनऊ की शिवा सिंह और लखनऊ की ही सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी मरियम खान को नवाजा जाएगा। वेटरन वर्ग में पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी बरेली की रजनी जोशी दीक्षित को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह के मुताबिक, जिन 14 खिलाड़ियों के नाम प्रदेश के सर्वोच्च खेल सम्मान लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई के लिए चयनित किए गए हैं वे पिछले एक वर्ष से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।