Chhath Puja 2020: सीएम योगी आदित्यनाथ बोले 'जय छठी मइया', राज्य कर्मियों ने मांगा सार्वजनिक अवकाश
Chhath Puja 2020 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छठ पूजा के प्रथम व्रत नहाए-खाए की सभी को शुभकामनाएं दी हैं। वहीं राज्य कर्मचारियों ने सीएम योगी को पत्र भेजकर छठ पूजा पर सार्वजनिक अवकाश की मांग की है।
लखनऊ, जेएनएन। Chhath Puja 2020: बुधवार से आस्था के सबसे बड़े पर्व छठ की शुरुआत हो चुकी है। छठ पर्व 18 नवंबर से 21 नवंबर तक चलेगा। छठी मइया को अर्घ्य देने के लिए भक्त 20 नवंबर की शाम जल में उतरेंगे। इसके बाद 21 नवंबर की सुबह उगते हुए सूरज को अर्घ्य देकर व्रत का समापन होगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छठ पूजा के प्रथम व्रत 'नहाए-खाए' की सभी को शुभकामनाएं दी हैं। वहीं, राज्य कर्मचारियों ने सीएम योगी को पत्र भेजकर छठ पूजा पर सार्वजनिक अवकाश की मांग की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को छठ पर्व के पहले दिन ट्वीट कर प्रदेशवासियों को शुभकामना संदेश दिया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि 'प्रकृति के प्रति वंदनीय भाव के प्रतीक, लोक आस्था के महापर्व 'छठ पूजा' के प्रथम व्रत 'नहाए-खाए' की आप सभी को शुभकामनाएं। कोरोना अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है, कमजोर हुआ है। बचाव ही सर्वोत्तम उपाय है। पूर्व के त्योहारों की भांति छठ भी घर पर ही मनाने का प्रयास करें। जय छठी मइया'
प्रकृति के प्रति वंदनीय भाव के प्रतीक,लोक आस्था के महापर्व "छठ पूजा" के प्रथम व्रत "नहाए-खाए" की आप सभी को शुभकामनाएं।
कोरोना अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है, कमजोर हुआ है।
बचाव ही सर्वोत्तम उपाय है।
पूर्व के त्योहारों की भांति छठ भी घर पर ही मनाने का प्रयास करें।
जय छठी मईया— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 18, 2020
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व के त्योहारों की भांति छठ पर्व भी घर पर ही मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोरोना अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है बल्कि कमजोर हुआ है। बचाव ही इसका सर्वोत्तम उपाय है। ऐसे में पर्व के दौरान भी फिजिकल डिस्टेंसिंग के मानकों का पूरी तरह अनुपालन करें। बता दें कि बुधवार से नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत हो गई। 19 नवंबर को छोटी छठ व खरना पर व्रती महिलाएं साठी चावल व गुड़ की खीर (रसियाव) का सेवन कर 36 घंटे के निर्जल व्रत की शुरुआत करती हैं। 20 नवंबर को पहला अर्ध्य होगा। 21 नवंबर को प्रसाद वितरण के बाद पारण के साथ व्रत का समापन होगा।
छठ पूजा पर सार्वजनिक अवकाश की मांग : जवाहर भवन-इंदिरा भवन कर्मचारी महासंघ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर छठ पूजा पर सार्वजनिक अवकाश की मांग की है। महासंघ के अध्यक्ष सतीश कुमार पांडेय और महामंत्री सुशील कुमार बच्चा का कहना है कि छठ पर्व के अवसर पर शुक्रवार को अवकाश घोषित किया जाए। आस्था के इस पर्व पर महिलाएं निर्जला व्रत रहती हैं, ऐसे में इस दिन अवकाश किया जाए। पूर्व में भी सरकारों से इसकी मांग की जा चुकी है लेकिन अभी तक यह पूरी नहीं हुई। उम्मीद है इस बार मुख्यमंत्री घोषणा जरूर करेंगे।
यह भी देखें: छठ महापर्व शुरु, आज नहाय-खाय, योगी सरकार ने जारी की Guidelines